बिना डेटा वाले मोबाइल रिचार्ज होंगे सस्ते!TRAI का बड़ा प्रस्ताव, 70% तक घट सकती है कॉल-SMS प्लान की कीमत

मोबाइल यूजर्स, खासकर फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले और केवल कॉलिंग के लिए सिम रखने वाले ग्राहकों को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने 'दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण विनियम, 2026' का मसौदा जारी किया है। इस प्रस्ताव का मकसद उन ग्राहकों को सस्ता विकल्प उपलब्ध कराना है जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है और वे केवल कॉलिंग व SMS सेवाओं का उपयोग करते हैं। TRAI ने इस मसौदे पर टेलीकॉम कंपनियों, उपभोक्ता संगठनों और अन्य हितधारकों से सुझाव मांगे हैं। सुझावों पर विचार करने के बाद नियमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
क्या है TRAI का नया प्रस्ताव?
वर्तमान में अधिकांश टेलीकॉम कंपनियां सीमित अवधि के लिए ही Only Call and SMS वाले प्लान उपलब्ध कराती हैं। ऐसे में जिन ग्राहकों को डेटा की आवश्यकता नहीं होती, उन्हें भी मजबूरी में महंगे डेटा प्लान खरीदने पड़ते हैं। TRAI ने प्रस्ताव दिया है कि यदि कोई कंपनी 7, 28, 56 या 84 दिनों की वैधता वाला डेटा प्लान देती है तो उसी अवधि का बिना डेटा वाला केवल कॉल और एसएमएस प्लान भी उपलब्ध कराना होगा। इससे उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के अनुसार प्लान चुनने का विकल्प मिलेगा।
70% तक सस्ते हो सकते हैं प्लान
विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा मोबाइल रिचार्ज प्लान की कुल कीमत का लगभग 50 से 70 प्रतिशत हिस्सा डेटा सेवाओं का होता है। ऐसे में यदि डेटा हटा दिया जाए तो केवल कॉल और SMS वाले प्लान की कीमत मौजूदा प्लान की तुलना में काफी कम हो सकती है। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी डेटा प्लान की कीमत 300 रुपए है तो उसी अवधि का Call And SMS वाला प्लान 100 से 150 रुपए के बीच उपलब्ध हो सकता है। हालांकि अंतिम कीमत तय करने का अधिकार टेलीकॉम कंपनियों के पास ही रहेगा।
किन यूजर्स को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
TRAI के इस प्रस्ताव से लाखों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिल सकता है जिनमें शामिल हैं-
- फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहक
- बुजुर्ग, जिन्हें इंटरनेट की आवश्यकता नहीं होती
- केवल कॉलिंग के लिए दूसरी सिम रखने वाले यूजर्स
- ऐसे परिवार, जहां इंटरनेट के लिए पहले से Wi-Fi उपलब्ध है
- ग्रामीण क्षेत्रों के वे उपभोक्ता जो डेटा का सीमित या बिल्कुल उपयोग नहीं करते
Truecaller जैसे ऐप्स नहीं कर सकेंगे जरूरी कॉल ब्लॉक
TRAI ने ड्राफ्ट में कॉल मैनेजमेंट एप्लिकेशन को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा है। इसके अनुसार Truecaller जैसे ऐप्स अब 1600 और 140 सीरीज के नंबरों से आने वाली कॉल को स्वतः ब्लॉक नहीं कर सकेंगे।
1600 सीरीज क्यों है महत्वपूर्ण?
1600 सीरीज के नंबर बैंक, RBI, SEBI, सरकारी विभागों और अन्य वित्तीय संस्थानों द्वारा उपयोग किए जाते हैं। इन नंबरों से आने वाली कॉल नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण होती हैं इसलिए इन्हें ब्लॉक नहीं किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें: मोबाइल यूजर्स को बड़ा झटका! Jio, Airtel, Vi के प्रीपेड प्लान 15% तक हो सकते हैं महंगे, जानें क्या है वजह
140 सीरीज का क्या होगा?
140 सीरीज का उपयोग व्यावसायिक और प्रमोशनल कॉल्स के लिए किया जाता है। यदि कोई ग्राहक ऐसे कॉल नहीं चाहता तो वह डीएनडी (Do Not Disturb) सेवा के माध्यम से उन्हें ब्लॉक कर सकता है।
टेलीकॉम कंपनियों को मिलेगा तैयारी का समय
TRAI ने स्पष्ट किया है कि नियम लागू होने के बाद टेलीकॉम कंपनियों को नए प्लान तैयार करने और व्यवस्था लागू करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा। कंपनियां अपनी व्यावसायिक रणनीति के अनुसार इन प्लानों की कीमत तय करेंगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे टेलीकॉम कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और ग्राहकों को कम कीमत में अधिक विकल्प मिलेंगे।
सरकार को क्यों करनी पड़ी पहल?
TRAI का यह कदम इस बात का संकेत है कि मौजूदा व्यवस्था में उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के अनुरूप रिचार्ज विकल्प नहीं मिल रहे थे। बड़ी संख्या में ऐसे ग्राहक, जिन्हें केवल कॉलिंग सुविधा चाहिए उन्हें भी डेटा वाले महंगे प्लान खरीदने पड़ रहे थे। नया नियम लागू होने पर विशेष रूप से बुजुर्गों, फीचर फोन उपयोगकर्ताओं और ग्रामीण उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ कम हो सकता है।
ये भी पढ़ें: Swiggy Instamart पर FSSAI का एक्शन! शिकायतों के बाद 9 कारण बताओ नोटिस जारी
6 महीने बाद होगी समीक्षा
TRAI ने प्रस्ताव में यह भी कहा है कि नियम लागू होने के छह महीने बाद इसकी समीक्षा की जाएगी। इस दौरान यह देखा जाएगा कि टेलीकॉम कंपनियां नए नियमों का कितना पालन कर रही हैं और उपभोक्ताओं को इसका कितना लाभ मिल रहा है। यदि आवश्यक हुआ तो आगे अतिरिक्त सुधार भी किए जा सकते हैं।




















