Nestle India की बढ़ी मुश्किलें, EPFO ने भेजा लाखों का नोटिस

मैगी, किटकैट और नेस्कैफे जैसे मशहूर प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कंपनी को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ओर से 36.36 लाख रुपये का नोटिस मिला है। इस रकम में 20 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना और हर्जाना शामिल है। यह मामला साल 2012 से 2019 के बीच कर्मचारी भविष्य निधि (PF) से जुड़ा है। हालांकि, कंपनी का कहना है कि इस नोटिस से उसके कारोबार या आर्थिक स्थिति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।
EPFO ने क्यों भेजा 36 लाख रुपये का नोटिस?
नेस्ले इंडिया ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि EPFO के मैसूरु क्षेत्रीय कार्यालय ने यह नोटिस जारी किया है। यह नोटिस कर्मचारी भविष्य निधि एवं विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 की धारा 7Q और 14B के तहत भेजा गया है। कंपनी को कुल 36,36,548 रुपये जमा करने के लिए कहा गया है। इसमें साल 2012 से 2019 के बीच की अवधि के लिए 20,09,516 रुपये हर्जाने और जुर्माने के रूप में शामिल हैं। नेस्ले इंडिया को यह नोटिस 26 नवंबर 2026 को मिला था।
क्या कहती हैं EPF एक्ट की धारा 7Q और 14B?
कर्मचारी भविष्य निधि अधिनियम की धारा 7Q के तहत अगर कोई कंपनी PF की बकाया राशि समय पर जमा नहीं करती है, तो उसे उस रकम पर ब्याज देना पड़ता है। वहीं, धारा 14B के तहत EPFO को यह अधिकार है कि PF में योगदान या दूसरी जरूरी रकम जमा करने में देरी होने पर कंपनी से जुर्माना और हर्जाना वसूला जा सके।
कंपनी ने शेयर बाजार को क्या बताया?
नेस्ले इंडिया ने साफ किया है कि EPFO से मिले इस नोटिस का कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन, कारोबार और दूसरी गतिविधियों पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। कंपनी देश की बड़ी खाद्य और पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों में शामिल है। इसके लोकप्रिय ब्रांड में मैगी, नेस्कैफे, किटकैट, मिल्कमेड और एवरीडे शामिल हैं। इस खबर के बीच BSE पर नेस्ले इंडिया के शेयर 1,317 रुपये पर कारोबार के दौरान मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। यह पिछले बंद भाव से 0.28 प्रतिशत कम था।
ये भी पढ़ें: बिसलेरी के पानी पर फिर उठे सवाल, बंगाल के प्लांट में मिला बैक्टीरिया; FSSAI ने दी केस चलाने की मंजूरी
FSSAI के नोटिस को भी कंपनी ने किया था खारिज
नेस्ले इंडिया इससे पहले अपने बेबी फॉर्मूला प्रोडक्ट्स को लेकर भी चर्चा में रही थी। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी को नियमों के उल्लंघन के मामले में नोटिस जारी किया है। हालांकि, कंपनी ने इस खबर को गलत बताते हुए खारिज कर दिया था। 18 सितंबर 2026 को शेयर बाजार को दिए स्पष्टीकरण में नेस्ले इंडिया ने कहा था कि उसके NAN Excella Pro और Lactogen Pro जैसे प्रोडक्ट सभी जरूरी नियमों का पालन करते हैं। कंपनी के मुताबिक, इन प्रोडक्ट्स और इनके लेबल को FSSAI की विशेषज्ञ समिति से मंजूरी मिली हुई है। लेबल पर दी गई जानकारी तथ्यों और वैज्ञानिक दस्तावेजों पर आधारित है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह उत्पादों की पैकेजिंग और उन पर दी जाने वाली जानकारी से जुड़े सभी नियमों का पालन कर रही है।
FSSAI को किन बातों पर थी आपत्ति?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, FSSAI ने ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर बेचे जा रहे बेबी फूड प्रोडक्ट्स और उनके प्रचार से जुड़ी सामग्री की जांच की थी। इस दौरान शिशु पोषण, NAN Excella और Lactogen से जुड़े तीन मामले सामने आए थे। रिपोर्ट में बताया गया कि रेगुलेटर को प्रोडक्ट्स पर लिखे '5 HMOs' और 'Whey Protein' जैसे दावों पर आपत्ति थी। इन दावों को शिशु आहार से जुड़े साल 2020 के नियमों और IMS एक्ट, 1992 के तहत तय प्रचार संबंधी पाबंदियों के खिलाफ बताया गया था। हालांकि, नेस्ले इंडिया ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा था कि उसके प्रोडक्ट सभी लागू नियमों के अनुसार बनाए और बेचे जा रहे हैं। कंपनी ने यह भी कहा कि वह उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने के लिए रेगुलेटर के साथ मिलकर काम करती रहेगी।




















