Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भारत की पहली लॉकेट वाली कलाई घड़ी पेश, Bangalore Watch Company की 'Epoch' में छिपा सकेंगे अपना खास संदेश

Bangalore Watch Company ने Epoch मैकेनिकल वॉच पेश की है। इसमें लॉकेट स्टाइल केसबैक है, जिसके अंदर निजी संदेश खुदवाया जा सकता है। कीमत करीब 2.97 लाख रुपये है।
भारत की पहली लॉकेट वाली कलाई घड़ी पेश, Bangalore Watch Company की 'Epoch' में छिपा सकेंगे अपना खास संदेश
Bangalore Watch Company Epoch Watch

भारतीय वॉच ब्रांड Bangalore Watch Company ने अपनी नई मैकेनिकल ड्रेस वॉच 'Epoch' पेश की है। कंपनी का दावा है कि यह भारत की पहली ऐसी कलाई घड़ी है, जिसमें लॉकेट जैसा खास केस दिया गया है। इसकी मदद से घड़ी के मालिक अंदर की तरफ अपना कोई निजी संदेश भी लिखवा सकते हैं। यानी अब घड़ी सिर्फ समय देखने का जरिया नहीं, बल्कि किसी खास याद या अपने प्रिय व्यक्ति से जुड़ी निशानी भी बन सकती है।

घड़ी के अंदर छिपा सकेंगे निजी संदेश

Epoch की सबसे खास बात इसका लॉकेट-स्टाइल केसबैक है। इसे खोलने पर घड़ी के मैकेनिकल मूवमेंट को नीलम क्रिस्टल (Sapphire Crystal) विंडो के जरिए देखा जा सकता है। वहीं, लॉकेट के अंदरूनी हिस्से पर मालिक अपनी पसंद का संदेश भी खुदवा सकते हैं। यह संदेश जन्मदिन, सालगिरह या किसी खास व्यक्ति के लिए हो सकता है। कंपनी के मुताबिक, इस डिजाइन का मकसद घड़ी को व्यक्तिगत यादों से जोड़ना है।

Bangalore Watch Company की सह-संस्थापक मर्सी अमलराज ने बताया कि कई लोगों के लिए घड़ी केवल रोजाना पहनने वाली चीज नहीं होती, बल्कि यह यादों और खास पलों को संजोने का जरिया भी बन जाती है। इसी सोच से लॉकेट-स्टाइल केस तैयार किया गया है।

1950 के दशक की घड़ियों से प्रेरित डिजाइन

कंपनी के मुताबिक, लॉकेट वाला यह डिजाइन 1950 के दशक के मध्य की घड़ियों में देखने को मिलता था। Epoch में इसे आधुनिक तकनीक और पारंपरिक वॉचमेकिंग के साथ पेश किया गया है। इसमें स्विट्जरलैंड में बना Sellita SW261 मैकेनिकल मूवमेंट दिया गया है। यह हाथ से चाबी भरने वाला यानी हैंड-वाउंड मूवमेंट है और इसमें 45 घंटे का पावर रिजर्व मिलता है। मूवमेंट में Geneva Stripes फिनिशिंग और ब्लूड स्क्रू दिए गए हैं।

घड़ी के डायल को भी खास अंदाज में तैयार किया गया है। इसमें सनराइज पैटर्न, पिरामिड आकार के घंटे के मार्कर, डायमंड-कट और रोडियम फिनिश वाले हाथों के साथ Breguet स्टाइल के अंक दिए गए हैं।

Business

दो डिजाइन और कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगी Epoch

Epoch को कंपनी ने दो अलग-अलग डिजाइन में तैयार किया है।

स्टेनलेस स्टील वर्जन: शैंपेन रंग का डायल।

रोज गोल्ड वर्जन: डीप एन्थ्रासाइट रंग का डायल।

दोनों वर्जन में 50 मीटर तक वाटर रेजिस्टेंस दिया गया है। घड़ी के साथ असली लेदर स्ट्रैप और मैचिंग बकल भी मिलेगा। कंपनी के बेंगलुरु स्थित वर्कशॉप में वॉचमेकर्स इन्हें असेंबल करेंगे।

कितनी है कीमत और कब होगी उपलब्ध?

Bangalore Watch Company की Epoch कलेक्शन की कीमत 3,100 अमेरिकी डॉलर रखी गई है, जो कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक करीब 2.97 लाख रुपये है। इसकी प्री-ऑर्डर बुकिंग 18 नवंबर 2026 से कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू होने की जानकारी दी गई है।

2018 में शुरू हुई थी Bangalore Watch Company

Bangalore Watch Company की स्थापना 2018 में हुई थी। ब्रांड आधुनिक भारत की कहानियों से प्रेरित मैकेनिकल घड़ियां बनाता है। इसकी अलग-अलग कलेक्शन में एविएशन, क्रिकेट, अंतरिक्ष और आउटडोर से जुड़ी थीम देखने को मिलती हैं। कंपनी इससे पहले लड़ाकू विमानों और एयरक्राफ्ट कैरियर से प्राप्त सामग्री से बनी घड़ियां और स्पेसफ्लाइट के लिए क्वालिफाई करने वाली भारतीय घड़ी पेश करने जैसे प्रयोग कर चुकी है। इसकी स्थापना निरुपेश जोशी और मर्सी अमलराज ने की थी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts