हरदा में लूट का खुलासा:महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी; चेन और मोबाइल बरामद

हरदा। फरियादी धीरज पटेल अपने साले के साथ गांव लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने रास्ता रोककर लूट की वारदात की। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट भी की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
गांव लौटते समय आरोपियों ने रोकी बाइक
टिमरनी पुलिस के अनुसार फरियादी धीरज पटेल निवासी बहरागांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साले मनीष के साथ वेयरहाउस टिमरनी में मूंग से भरी ट्रॉली लाइन में खड़ी कर रात करीब 10 से 11 बजे बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही दोनों सोडलपुर के पास नहर के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद उषा बंजारा और उसके साथियों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद आरोपियों ने दोनों के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया।
नकदी, मोबाइल और सोने की चेन लूटी
फरियादी के अनुसार उषा बंजारा और नरेन्द्र सोलंकी ने उसकी जेब में रखा पर्स छीन लिया, जिसमें करीब तीन हजार रुपये थे। साथ ही मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। बीच-बचाव करने आए मनीष से भी दो हजार रुपये, मोबाइल और गले में पहनी सोने की चेन, जिसकी कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई, लूट ली गई। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट भी की।
घेराबंदी कर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी फरियादी की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। रिपोर्ट के आधार पर टिमरनी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक शशांक के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा और एसडीओपी आकांक्षा तलैया के निर्देशन में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। शनिवार को घेराबंदी कर उषा उर्फ कैटरीना, अजय बंजारा और विजय बंजारा को गिरफ्तार कर लिया गया।
लूटा गया सामान बरामद, फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो पर्स, नगदी, एक सोने की चेन, मोबाइल और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
Edited By: Rohit Sharma












