स्पेन में घुसपैठ से हड़कंप!84 हजार आबादी वाले शहर में 60 हजार अवैध प्रवासी, मौतों का आंकड़ा 67 पहुंचा

यूरोप का प्रवेश द्वार माने जाने वाले स्पेन के स्वायत्त शहर स्यूटा में अभूतपूर्व प्रवासी संकट खड़ा हो गया है। उत्तर अफ्रीका में मोरक्को की सीमा से लगे इस शहर में महज 24 घंटे के भीतर करीब 60 हजार अवैध प्रवासी घुस आए। 84 हजार की आबादी वाले इस शहर में अचानक प्रवासियों की संख्या स्थानीय आबादी के लगभग 70 फीसदी तक पहुंच गई जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान हुई घटनाओं में अब तक 67 लोगों की मौत हो चुकी है। बड़ी संख्या में घायल लोगों का इलाज चल रहा है जबकि हजारों प्रवासी अब भी शहर में फंसे हुए हैं।
समुद्र और जमीन के रास्ते की घुसपैठ
प्रवासी मोरक्को से समुद्र और जमीनी सीमा दोनों रास्तों से स्यूटा पहुंचे। कई लोग समुद्र में तैरते हुए दिखाई दिए, कुछ फ्लोटिंग ट्यूब का सहारा लेकर सीमा पार करते नजर आए जबकि कई छोटी नावों से स्पेन पहुंचने की कोशिश करते रहे। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि स्पेन सरकार को शहर में सेना तैनात करनी पड़ी। सुरक्षा बलों ने भीड़ को रोकने के लिए हवाई फायरिंग तक की।
37 हजार लोग लौटे, हजारों अब भी फंसे
स्पेन के अधिकारियों के अनुसार, करीब 37 हजार प्रवासी स्वेच्छा से वापस मोरक्को लौट चुके हैं लेकिन हजारों लोग अब भी स्यूटा में मौजूद हैं। इनमें कई लोग फुटपाथों और खुले स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इन प्रवासियों में करीब 7 हजार बच्चे और नाबालिग भी शामिल हैं। इसे लेकर मानवाधिकार संगठनों ने चिंता जताई है और प्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: देश पहले बाकी सब बाद में... लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड लेते हुए युवाओं को अजीत डोभाल का संदेश
आखिर क्यों उमड़ी इतनी बड़ी भीड़?
जानकारी के मुताबिक हाल ही में स्पेन के सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया था कि स्यूटा या मेलिला पहुंचने की कोशिश करने वाले प्रवासियों को बिना कानूनी प्रक्रिया के तुरंत वापस नहीं भेजा जा सकता। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर अफवाहें फैल गईं कि स्पेन में प्रवेश आसान हो गया है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने सीमा पार करने की कोशिश शुरू कर दी।
स्यूटा क्यों है इतना अहम?
स्यूटा स्पेन का स्वायत्त शहर है लेकिन यह पूरी तरह मोरक्को से घिरा हुआ है। यह यूरोपीय संघ (EU) का हिस्सा है इसलिए अफ्रीकी देशों से बेहतर जीवन और रोजगार की तलाश में लोग यहां पहुंचने की कोशिश करते रहते हैं। स्पेन और मोरक्को के बीच समुद्री दूरी भी महज करीब 14 किलोमीटर है, जिससे यह क्षेत्र लंबे समय से अवैध प्रवास का प्रमुख मार्ग बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: NEET विवाद : पीड़ित परिवारों से मिले राहुल गांधी, बोले- 'PM मोदी माफ न करें, छात्रों से खुद माफी मांगें'
स्पेन सरकार का बड़ा फैसला
बढ़ते संकट को देखते हुए स्पेन सरकार ने सीमा सुरक्षा और मजबूत करने का फैसला लिया है। सरकार ने समुद्र की ओर बने ब्रेकवाटर बॉर्डर पर नया ब्लॉकर बैरियर लगाने की घोषणा की है ताकि भविष्य में इस तरह की बड़े पैमाने की घुसपैठ को रोका जा सके। सरकार का कहना है कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सहायता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर भी काम किया जाएगा।












