Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गाबा में पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ा, मौसम साफ रहा तो आज फेंकेंगे 98 ओवर

तीसरा टेस्ट : सिर्फ 13.2 ओवर डाले गए, ऑस्ट्रेलिया के बिना विकेट खोए 28 रन
Follow on Google News
गाबा में पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ा, मौसम साफ रहा तो आज फेंकेंगे 98 ओवर

ब्रिसबेन। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर- गावस्कर ट्रॉफी सीरीज में तीसरा मैच शनिवार को गाबा में शुरू हुआ। तीसरे टेस्ट के पहले दिन लगातार बारिश के कारण खेल बारिश की भेंट चढ़ गया और पहले दिन में केवल 13.2 ओवर डाले गये जिसमें मेजबान टीम ने बिना विकेट खोये 28 रन बनाये। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।

अब बाकी चार दिन जल्दी शुरू होगा मैच

मैच अधिकारियों ने मैच के बाकी दिनों के लिए मैच जल्दी शुरुआत की घोषणा की है। मौसम ठीक रहने पर दूसरे दिन 98 ओवर का खेल होगा। पहले दिन के खेल में ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 47 गेंदों पर 19 रन बनाकर मैदान में डटे रहे और नाथन मैकस्वीनी ने 33 गेंदों पर महज चार रन बनाये। भारतीय गेंदबाज मोहम्मद सिराज और आकाश दीप की आक्रामक गेंदबाजी का ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाजों ने सावधानी से सामना किया और बारिश शुरू होने से पहले बिना किसी नुकसान के 28 रन बना लिए। सिराज और आकाश दीप दोनों ने ही विकेट लेने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन दोनों गेंदबाज सफल नहीं हो पाए।

रविंद्र जडेजा और आकाशदीप अंतिम 11 में शामिल

भारतीय प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए गए। रविंद्र जडेजा और आकाशदीप को आर अश्विन और हर्षित राणा की जगह टीम में जगह दी। वहीं ऑस्ट्रेलिया एक बदलाव के साथ गाबा में उतरी। स्कॉट बोलैंड की जगह टीम में जोश हेजलवुड को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।

लंच के बाद खेल नहीं हो पाया

मैच के पहले दिन के पहले सत्र में ही दो बार बारिश होने की वजह से खेल रुका। लंच से पहले हुई बारिश के बाद फिर से खेल शुरू नहीं हो पाया। पहले दिन का मैच बूंदाबांदी के साथ शुरू हुआ और लंच से पहले तेज बारिश होने के कारण मैदान में पानी भर गया, हालांकि मैदान में पानी की निकासी बहुत अच्छी व्यवस्था थी। ग्राउंड स्टाफ ने अथक परिश्रम किया, लेकिन जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो लंच के बाद खेल आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया।

खेल बाधित होने के बाद दर्शकों को वापस दी जाएगी पूरी रकम

गाबा से शनिवार को निराश होकर वापस लौटे दर्शकों के लिए खुशखबरी है। उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) से पूरा पैसा वापस मिलेगा। मैदान पर पहुंचे प्रशंसकों को एक नियम के कारण लाभ होगा, जिसके अंतर्गत उन्हें एक दिन के खेल के दौरान 15 से कम ओवर फेंके जाने पर टिकटों का पूरा पैसा वापस मिलेगा। इसका मतलब है कि अगर 10 गेंद और फेंक दी गई होती तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को एक मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से अधिक का पैसा वापस नहीं करना पड़ता। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जानकारी देते हुए कहा कि 30,145 प्रशंसकों को पूरा पैसा वापस मिलेगा क्योंकि 15 ओवर से कम का खेल पूरा हुआ था। देश में क्रिकेट की संचालन संस्था के पास खराब मौसम के कारण होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए बीमा है।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts