अब भारी VR हेडसेट का झंझट खत्म! Meta लाया हल्के VR Glasses, जिसमें मिलेंगे ये धांसू फीचर्स

सोचिए, आंखों पर लगा चश्मा सिर्फ देखने का काम न करे, बल्कि आपको सिनेमा, गेमिंग और लाइव स्पोर्ट्स की दुनिया के बीच पहुंचा दे। Meta ने अपने नए Meta VR Glasses के साथ इसी तरह के अनुभव का दावा किया है। कंपनी के CEO मार्क जुकरबर्ग ने Meta Connect 2026 इवेंट में इस नए डिवाइस को पेश किया। खास बात यह है कि पुराने VR हेडसेट की तरह यह बड़ा और भारी नहीं है। कंपनी के मुताबिक, इसका वजन करीब 100 ग्राम है। इसकी बिक्री Spring 2027 में शुरू होगी और शुरुआती कीमत 1,299.99 डॉलर रखी गई है।
5K डिस्प्ले से मिलेगा इमर्सिव एक्सपीरिएंस
Meta VR Glasses में 5K Infinite Display दिया गया है, जो माइक्रो-OLED पैनल पर आधारित है। इसमें 37 पिक्सल प्रति डिग्री की डेंसिटी दी गई है। कंपनी का कहना है कि इससे यूजर्स को ज्यादा साफ और शानदार विजुअल एक्सपीरिएंस मिलेगा। वीडियो और ऑडियो को और बेहतर बनाने के लिए इसमें Dolby Vision और Dolby Atmos का सपोर्ट भी दिया गया है। यानी फिल्म देखते समय तस्वीर और आवाज को ज्यादा इमर्सिव बनाने पर खास ध्यान दिया गया है।
कंट्रोलर की जरूरत भी कम होगी
इन VR Glasses में आंखों और हाथों की ट्रैकिंग का फीचर दिया गया है। इसका मतलब है कि यूजर कई काम सिर्फ हाथों के इशारों और आंखों की मूवमेंट से कर सकेगा। हर काम के लिए अलग कंट्रोलर पकड़ने की जरूरत कम हो सकती है। गेमिंग के लिए लॉन्च के समय 75 से ज्यादा हैंड-ट्रैकिंग गेम्स उपलब्ध होने की बात कही गई है। इसके अलावा Xbox Cloud Gaming के जरिए सैकड़ों गेम स्ट्रीम किए जा सकेंगे।
IMAX वाली फिल्म देखने का भी मिलेगा मजा
Meta ने अपने नए डिवाइस को पहला IMAX Enhanced certified VR device बताया है। इसके जरिए यूजर्स चुनिंदा 3D फिल्में और IMAX के एक्सपैंडेड आस्पेक्ट रेशियो वाला कंटेंट देख पाएंगे। कंपनी ने Disney+ के साथ भी साझेदारी की है। इसके तहत चुनिंदा Marvel फिल्मों का 3D कंटेंट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा Prime Video, YouTube, ESPN, Crunchyroll और Plex जैसे प्लेटफॉर्म का सपोर्ट भी मिलेगा।
ये भी पढ़ें: एक बार निवेश और जिंदगीभर ₹25 हजार पेंशन? LIC की इस स्कीम का क्या है पूरा फॉर्मूला
स्पोर्ट्स देखने का अंदाज भी बदलेगा
स्पोर्ट्स फैंस के लिए भी Meta ने खास तैयारी की है। कंपनी ESPN, MLB, NBC Sports, TNT Sports और UFC जैसे पार्टनर्स के साथ काम कर रही है। Meta के मुताबिक, लॉन्च के बाद हर साल 100 से ज्यादा इमर्सिव लाइव स्पोर्ट्स इवेंट्स उपलब्ध कराने की योजना है। इनमें यूजर्स को 180 डिग्री व्यू और वर्चुअल फ्रंट-रो सीट जैसा अनुभव देने की कोशिश की जाएगी।
चश्मा हल्का, लेकिन पूरा सिस्टम अंदर नहीं
डिजाइन की बात करें तो Meta ने इसे सामान्य चश्मे जैसा लुक देने की कोशिश की है। कंपनी ने बड़े हार्डवेयर और भारी स्ट्रैप को हटाकर इसे ज्यादा हल्का और पहनने में आसान बनाने पर जोर दिया है। हालांकि, इसका पूरा कंप्यूटिंग सिस्टम चश्मे के अंदर नहीं है। इसके साथ एक अलग पॉकेट डिवाइस यानी पावर और कंप्यूटिंग पक दिया जाएगा, जिसे ऑप्टिकल केबल के जरिए ग्लासेस से जोड़ा जाएगा। इसमें बैटरी, स्टोरेज और कंप्यूटिंग का काम होगा। Meta के अनुसार यह सिस्टम Quest 3 के मुकाबले करीब पांच गुना हल्का है।
ये भी पढ़ें: 6 साल की मासूम से दरिंदगी और हत्या... सुप्रीम कोर्ट ने टाली फांसी, अब आखिरी सांस तक जेल में रहेगा दोषी
AI भी बनेगा आपका साथी
Meta ने अपने Muse AI एजेंट को भी AI Glasses के साथ जोड़ने की घोषणा की है। इससे यूजर सामने दिखाई देने वाली चीजों के बारे में AI से सवाल पूछ सकेगा और कुछ कामों के लिए उसकी मदद ले सकेगा। यानी Meta सिर्फ VR कंटेंट दिखाने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि AI को भी इस अनुभव का हिस्सा बनाने की तैयारी कर रहा है।
भारत में कब आएगा?
Meta VR Glasses की शुरुआती कीमत 1,299.99 डॉलर है और इसकी बिक्री Spring 2027 में शुरू होगी। हालांकि, भारत में इसकी कीमत और लॉन्च डेट को लेकर अभी कंपनी ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।




















