फिल्म 'हनुमान अंश' के बाल कलाकार सात्विक शर्मा का विदिशा जिले के भोरिया में भव्य स्वागत
विदिशा। फिल्म हनुमान अंश में सूत्रधार शुभंकर का अहम किरदार निभाने वाले बाल कलाकार सात्विक शर्मा गुरुवार को अपने दादाजी और पिता के पैतृक गांव सिरोंज तहसील के भोरिया पहुंचे। फिल्म की सफलता के बाद अपनी जन्मभूमि पहुंचे सात्विक का ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत किया। गांव में उनके स्वागत के लिए स्वागत द्वार लगाए गए थे।
सिरोंज में ढोल-ताशों के साथ निकला जुलूस
सात्विक शर्मा के सिरोंज पहुंचने पर ढोल-ताशों के साथ शहर में जुलूस निकाला गया। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोपहर में सात्विक अपने पिता और दादाजी की जन्मभूमि ग्राम भोरिया पहुंचे। यहां उनके स्वागत के लिए ग्रामीणों ने तैयारियां की थीं।
स्वागत द्वार लगाकर ग्रामीणों ने किया अभिनंदन
ग्राम भोरिया पहुंचने पर सात्विक का सैकड़ों ग्रामीणों ने भव्य स्वागत और सत्कार किया। ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए। अपने पैतृक गांव में हुए इस स्वागत से सात्विक भावुक नजर आए। उन्होंने ग्रामीणों के प्रेम और स्नेह के लिए आभार जताया।
'हनुमान जी महाराज की कृपा से मिली सफलता'
सात्विक शर्मा ने कहा कि उन्होंने पहले एक्टिंग सीखी। इसके बाद कई वेब सीरीज में काम किया। उन्होंने कुकू टीवी और क्राइम पेट्रोल में भी काम किया। सात्विक ने कहा कि आज उन्हें हनुमान जी महाराज की असीम कृपा से सफलता हासिल हुई है।उन्होंने कहा कि लोगों के प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद की वजह से वह आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। अपनी जन्मभूमि ग्राम भोरिया पहुंचने पर खुशी जाहिर करते हुए सात्विक ने कहा कि इस पावन धरती पर आते ही उन्हें परम आनंद की अनुभूति हुई।
परिवार और ग्रामीणों के प्रति जताया आभार
सात्विक ने कहा कि उनके छोटे दादा विष्णु महाराज, ताऊजी संजीव शर्मा, रानू शर्मा, रोहित शर्मा, अमित शर्मा, सोनू महाराज, शिवराज भावसार, मिथुन भावसार और समस्त ग्रामवासियों ने जिस तरह उनका स्वागत और सत्कार किया, उससे उनका हृदय गदगद हो गया। उन्होंने ग्रामीणों से अपना प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद इसी तरह बनाए रखने की अपील की। साथ ही हनुमान जी महाराज की कृपा सभी पर बनी रहने की कामना की।



















