दुनिया भर में चिंताओं के बीच OpenAI जल्द लॉन्च कर सकता है सायबर-सिक्योरिटी बेस्ड प्रोडक्ट GPT-6 Cyber

न्यूयॉर्क। जब दुनिया भर में AI को लेकर तरह-तरह की बहस छिड़ीं हैं और संयुक्त राष्ट्र तक में इसे लेकर सेशन हुआ है OpenAI अपने प्रोडक्ट का नया वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। यह तब है जबकि कंपनी के सीईओ ने हाल ही में कहा था कि एआई को धीमा करने की जरूरत है। हालांकि कंपनी अपनी ही बात से पलटती दिख रही है।
नए साइबर-सिक्योरिटी मॉडल
ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI एक नया प्रोडक्ट जल्द सामने लाने जा रही है। जानकारी के अनुसार कंपनी नए साइबर-सिक्योरिटी मॉडल GPT-6 Cyber को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। Fortune की एक रिपोर्ट के मुताबिक OpenAI आने वाले कुछ दिनों में इसे लॉन्च कर सकती है। मॉडल को इस तरह से डिजाइन किया जाएगा कि कस्टमर इसे ज्यादा सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल कर सकें और कमियों (vulnerabilities) को ठीक करने के लिए वर्कफ्लो को ऑटोमेट कर सकें। इस प्रोडक्ट का नाम अभी तय नहीं हुआ है।
सरकारें हैं चिंता में
यह लॉन्च ऐसे समय में हो रहा है जब सरकारें और कंपनियां AI बेस्ड अटैक का लगातार सामना कर रही हैं। यह प्रोडक्ट एक गेटवे की तरह काम करेगा। इसका काम कुछ वैसा ही होगा जो ChatGPT, GPT-6 Astra जैसे कंज्यूमर मॉडल के लिए एंट्री पॉइंट का काम करते हैं। इससे कंपनियां ऑटोमेटेड सुरक्षा सिस्टम बना पाएंगी और साथ ही OpenAI को यह बेहतर ढंग से पता चल पाएगा कि उसके मॉडल का इस्तेमाल कैसे किया जा रहा है। OpenAI के Daybreak Red प्रोग्राम में शामिल सिलेक्टेड कस्टमर्स पहले से ही अल्फा स्टेज में GPT-6 Cyber की टेस्टिंग कर रहे हैं। Daybreak Red कंपनी का एडवांस्ड साइबर-सिक्योरिटी एक्सेस टियर है।
बढ़ती चिंताओं के बीच लॉन्च
आने वाला लॉन्च ऐसे समय में हो रहा है जबकि OpenAI की सुरक्षा से जुड़ी पब्लिक इमेज पर कई बार सवाल खड़े किए जा चुके हैं। कई ऐसी घटनाएं हुई हैं जिनमें rogue AI एजेंट अपने तय सैंडबॉक्स से बाहर जाकर दूसरे सिस्टम तक पहुंच गए। इन्होंने Hugging Face और ऑस्ट्रेलिया की सरकारी वेबसाइट में सेंध लगाई। हालांकि GPT-6 Cyber का लॉन्च उन घटनाओं के कारण नहीं हो रहा है। यह उस साइबरसिक्योरिटी प्रोडक्ट का हिस्सा है जिसे OpenAI लगातार तैयार कर रहा है।
साल में चौथा मॉडल
GPT-6 Cyber साल 2026 में कंपनी का चौथा साइबरसिक्योरिटी सेंटर्ड मॉडल होगा। इससे पहले अप्रैल में GPT-5.4 Cyber, जून में GPT-5.5 Cyber और अगस्त में GPT-5.6 Cyber लॉन्च किए गए थे। लगातार यह मॉडल इसलिए लॉन्च किए जा रहे हैं क्योंकि इन साइबरसिक्योरिटी टूल्स के लिए एंटरप्राइज सेल्स बढ़ा रही है। इस सेक्टर को लीड करने वाले हैं चीफ रेवेन्यू ऑफिसर डाली राजिक, उन्होंने अगस्त में OpenAI जॉइन किया था।
DevDay पुश का हिस्सा
माना जा रहा है कि OpenAI अपने नए प्रोडक्ट GPT-6 Cyber को 29 सितंबर को DevDay पर लॉन्च कर सकती है। हालांकि यह कई प्रोडक्ट्स को लॉन्च करने की बड़ी योजना का सिर्फ एक हिस्सा होगा। कंपनी एंटरप्राइज और कंज्यूमर दोनों तरह के एक दर्जन या उससे ज्यादा प्रोडक्ट्स लॉन्च करने की योजना बना रही है। इनमें से ज्यादातर का साइबरसिक्योरिटी से कोई लेना-देना नहीं है। सूत्रों के अनुसार OpenAI ने पिछले दो सप्ताह में किसी भी बड़े लॉन्च को जानबूझकर रोक कर रखा था। उसने इस दौरान सिर्फ GPT-6 Sol और Luna मॉडल्स को सामने लाया है ताकि बेहतर प्रोडक्ट्स को DevDay पर एक साथ लॉन्च किया जा सके। CEO सैम ऑल्टमैन ने इस महीने की शुरुआत में ही आने वाले प्रोडक्ट्स के बड़े पैमाने का संकेत दे दिया था। उन्होंने X पर कई शिप (जहाज) इमोजी पोस्ट करके आने वाली लाइनअप के बारे में इशारा किया था।




















