छोटी दूरी की ड्राइविंग से DPF हो सकता है जाम, ऐसे रखें कार को फिट

डीजल कार चलाते हैं तो डैशबोर्ड पर कभी न कभी DPF Warning जरूर दिख सकती है। लेकिन आखिर ये DPF है क्या और इसकी लाइट जलने पर क्या करना चाहिए? अगर इसे समय रहते समझ लिया जाए तो बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है।
DPF क्या करता है?
DPF यानी Diesel Particulate Filter कार के एग्जॉस्ट सिस्टम का एक जरूरी हिस्सा है। इसका काम इंजन से निकलने वाले धुएं में मौजूद बारीक कणों को पकड़ना होता है। समय के साथ ये कण फिल्टर में जमा होते रहते हैं। कार का सिस्टम इन्हें ज्यादा तापमान पर जलाकर फिल्टर साफ करने की कोशिश करता है। इसी प्रक्रिया को DPF Regeneration कहा जाता है।
छोटी दूरी की ड्राइविंग से बढ़ सकती है परेशानी
आमतौर पर कार खुद ही DPF Regeneration कर लेती है। लेकिन अगर गाड़ी को रोजाना सिर्फ कुछ किलोमीटर चलाया जाता है या लगातार कम स्पीड पर ड्राइव किया जाता है, तो एग्जॉस्ट सिस्टम को जरूरी तापमान नहीं मिल पाता। ऐसे में रिजनरेशन अधूरा रह सकता है और फिल्टर में कण जमा होते जाते हैं। इसी वजह से डैशबोर्ड पर DPF से जुड़ी चेतावनी दिखाई दे सकती है।
ये भी पढ़ें: अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच खुलीं आंखें! एंबुलेंस के झटके के बाद साईंराम के जिंदा होने का दावा
Warning आए तो क्या करें?
अगर आपकी कार में शुरुआती DPF Warning आई है और कंपनी के मैनुअल में Drive Regeneration की अनुमति दी गई है, तो सुरक्षित हाईवे या खुली सड़क पर कुछ समय लगातार ड्राइव करना मदद कर सकता है। कुछ कारों में करीब 60 किमी/घंटा से ज्यादा की स्पीड पर लगभग 25 मिनट ड्राइव करने से रिजनरेशन पूरा हो सकता है। लेकिन यह हर कार में लागू नहीं होता। इसलिए अपनी कार के मैनुअल में दिए निर्देशों को ही प्राथमिकता दें। सिर्फ DPF साफ करने के लिए तेज रफ्तार में गाड़ी चलाना बिल्कुल सही तरीका नहीं है। ड्राइव हमेशा सड़क और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखकर ही करें।
Self Regeneration का विकल्प भी मिलता है
कुछ डीजल कारों में कंपनी Self Regeneration का फीचर देती है। ऐसे वाहनों में डैशबोर्ड पर चेतावनी आने के बाद कंपनी के बताए तरीके से रिजनरेशन शुरू किया जा सकता है। अगर रिजनरेशन पहले से शुरू हो चुका है, तो उसे बार-बार बीच में रोकना ठीक नहीं है। इंजन का पर्याप्त गर्म न होना या कुछ ड्राइविंग परिस्थितियां इस प्रक्रिया को बीच में रोक सकती हैं।
Warning बार-बार आए तो सर्विस सेंटर जाएं
अगर DPF की चेतावनी लगातार बनी रहती है, लाइट ब्लिंक करने लगती है या साथ में Check Engine की लाइट भी आ जाती है, तो बार-बार खुद से रिजनरेशन करने की कोशिश न करें। ज्यादा जाम DPF के साथ लगातार गाड़ी चलाने से फिल्टर और इंजन को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में समय पर कार की जांच करवाना बेहतर है।




















