Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एक कार में पूरा परिवार और लग्जरी का तड़का, Kia Carnival Hybrid हुई पेश

Kia Carnival Hybrid भारत में पेश हो गई है। इसमें 1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, दमदार इलेक्ट्रिक मोटर और 8 एयरबैग मिलेंगे। कीमत 60 लाख रुपए से ज्यादा हो सकती है।
एक कार में पूरा परिवार और लग्जरी का तड़का, Kia Carnival Hybrid हुई पेश

भारतीय बाजार में किया ने अपनी प्रीमियम कारों की रेंज को और मजबूत करते हुए कार्निवल हाइब्रिड को पेश कर दिया है। कंपनी ने एक बड़े इवेंट में अपनी फ्लैगशिप एसयूवी किआ सोरेंटो को लॉन्च करने के साथ कार्निवल के हाइब्रिड वर्जन से भी पर्दा उठाया। खास बात यह है कि कार्निवल हाइब्रिड भारत में कंपनी की हाइब्रिड टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ाने वाली प्रमुख कारों में शामिल होगी। हालांकि, अभी कंपनी ने इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया है। माना जा रहा है कि फेस्टिव सीजन से पहले इसकी कीमत की घोषणा की जा सकती है। फिलहाल भारत में किआ कार्निवल डीजल इंजन के साथ बिक्री के लिए उपलब्ध है। वहीं, नया हाइब्रिड मॉडल 1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर के कॉम्बिनेशन के साथ आएगा। कंपनी ने कार के स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी जरूर साझा कर दी है, लेकिन लॉन्च और कीमत को लेकर अभी आधिकारिक ऐलान बाकी है। कार अगले कुछ हफ्तों में भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है।

1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ आएगी कार्निवल हाइब्रिड

किआ कार्निवल हाइब्रिड में 1.6 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन दिया जाएगा। यह इंजन 180 पीएस की पावर और 265 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। यही इंजन किआ सोरेंटो हाइब्रिड में भी इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, कार्निवल हाइब्रिड में इलेक्ट्रिक मोटर को ज्यादा पावरफुल रखा गया है। इसमें 73.4 पीएस की पावर और 304 एनएम का टॉर्क देने वाला इलेक्ट्रिक मोटर मिलता है। सोरेंटो के इलेक्ट्रिक मोटर की तुलना में कार्निवल हाइब्रिड का मोटर 8.4 पीएस ज्यादा पावर और 40 एनएम ज्यादा टॉर्क देता है। कंपनी ने अभी कार्निवल हाइब्रिड के कम्बाइंड पावर आउटपुट की जानकारी नहीं दी है। इसके साथ 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन मिल सकता है।

मौजूदा डीजल कार्निवल से कितनी अलग होगी?

भारत में अभी बिकने वाली किआ कार्निवल में 2.2 लीटर का डीजल इंजन मिलता है। यह इंजन 190 पीएस की पावर और 441 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन दिया जाता है। यानी हाइब्रिड वर्जन में कंपनी ने डीजल इंजन की जगह पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया है। इसका मकसद दमदार परफॉर्मेंस के साथ हाइब्रिड टेक्नोलॉजी का फायदा देना है।

Breaking News

एक्सटीरियर और इंटीरियर में बड़े बदलाव नहीं

कार्निवल हाइब्रिड को देखने पर इसके एक्सटीरियर में कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आता। इसका डिजाइन मौजूदा कार्निवल जैसा ही रखा गया है। कैबिन में भी बहुत बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। फीचर्स की बात करें तो इसमें 12.3 इंच की दो स्क्रीन मिलती हैं। इनमें एक इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए और दूसरी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए दी गई है। इसके अलावा कार में थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 12 स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम भी मिलता है।

आराम और सेफ्टी का भी रखा गया है ध्यान

किआ कार्निवल हाइब्रिड में पावर्ड फ्रंट सीट्स के साथ सीट वेंटिलेशन और हीटिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। यानी लंबी दूरी के सफर में यात्रियों के आराम का भी ध्यान रखा गया है। सेफ्टी के लिहाज से कार में 8 एयरबैग, लेवल-2 एडीएएस और 360 डिग्री कैमरा दिया गया है। इसके अलावा कार में चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक मिलते हैं।

People's Exclusive: कोलार में ‘महाहादसे’ का खतरा! 8 मंजिला इमारत के पास पहुंचा पानी, गाड़ियां जमीन में समाईं

60 लाख रुपए से ज्यादा हो सकती है कीमत

किआ ने अभी कार्निवल हाइब्रिड की कीमत की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। फिलहाल भारत में बिकने वाली मौजूदा किआ कार्निवल की एक्स-शोरूम कीमत 59.65 लाख रुपए है। क्योंकि हाइब्रिड वर्जन मौजूदा मॉडल से महंगा होगा, इसलिए इसकी एक्स-शोरूम कीमत 60 लाख रुपए से ज्यादा होने की संभावना है। कंपनी फेस्टिव सीजन से पहले इसकी कीमत का ऐलान कर सकती है। किआ ने यह भी साफ किया है कि उसकी हाइब्रिड टेक्नोलॉजी सिर्फ सोरेंटो तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आगे कंपनी की दूसरी कारों में भी इसे इस्तेमाल किया जाएगा। ऐसे में कार्निवल हाइब्रिड भारत में किआ की हाइब्रिड रणनीति का एक अहम हिस्सा बन सकती है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts