मारुति सुजुकी की कारें फिर महंगी, 20 हजार रुपए तक बढ़े दाम; 4 महीने में तीसरी बार कीमतों में इजाफा

देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने एक बार फिर अपने चुनिंदा पैसेंजर व्हीकल्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने कुछ मॉडल्स के दाम में 20,000 रुपए तक का इजाफा किया है। खास बात यह है कि मई के बाद कंपनी की ओर से यह कीमतों में तीसरी बढ़ोतरी है। ऐसे में फेस्टिव सीजन से ठीक पहले नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए यह अतिरिक्त खर्च का झटका है।
बढ़ती लागत के बीच कंपनी ने बढ़ाए दाम
मारुति सुजुकी ने कीमतों में इस ताजा बढ़ोतरी के पीछे बढ़ती इनपुट लागत और महंगाई के दबाव को वजह बताया है। कंपनी के मुताबिक लागत को नियंत्रित करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं लेकिन मौजूदा लागत माहौल में कुछ बढ़ा हुआ खर्च ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी का उद्देश्य बढ़ती लागत के असर को आंशिक रूप से कम करना है। हालांकि कंपनी का कहना है कि ग्राहकों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम से कम रखने की कोशिश की गई है।
इस साल तीसरी बार बढ़ी कारों की कीमत
मारुति सुजुकी इससे पहले भी इस साल दो बार अपनी कारों के दाम बढ़ा चुकी है। कंपनी ने जून में इनपुट कॉस्ट का हवाला देते हुए 30,000 रुपए तक की कीमत बढ़ाने का ऐलान किया था। इसके बाद अगस्त में भी कंपनी ने अपने पूरे पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो की कीमतों में 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी की थी। उस समय अलग-अलग मॉडल पर कीमत बढ़ने की रकम अलग रही थी। इस बढ़ोतरी के दायरे में Alto K10, S-Presso, Celerio, WagonR, Swift, Dzire, Baleno, Fronx, Brezza, Ertiga, Grand Vitara, Jimny, Invicto और Victoris जैसे मॉडल शामिल थे।
ये भी पढ़ें: Blinkit को टक्कर देने की तैयारी में Flipkart Minutes! 1,000 से ज्यादा डार्क स्टोर्स, ऑर्डर वैल्यू में भी करीब पहुंचा
चार महीने में करीब 80 हजार रुपए तक बढ़ने की बात
अब एक बार फिर 20,000 रुपए तक की बढ़ोतरी के बाद कंपनी की ओर से इस अवधि में किए गए तीनों इजाफों को जोड़कर कुछ मॉडल्स पर कुल कीमत बढ़ोतरी करीब 80,000 रुपए तक पहुंच सकती है। हालांकि वास्तविक बढ़ोतरी मॉडल और उसके वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग है। इसलिए नई कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए यह देखना जरूरी होगा कि उनके पसंदीदा मॉडल और वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत में कितना बदलाव हुआ है।
ये भी पढ़ें: Gen Z को नहीं आती मैनुअल कार चलाना! 35% ने कभी नहीं सीखी क्लच-गियर वाली ड्राइविंग, 56% को अब अफसोस
फेस्टिव सीजन से पहले ग्राहकों पर असर
मारुति सुजुकी की ताजा कीमत बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब ऑटो इंडस्ट्री फेस्टिव सीजन में प्रवेश कर रही है। आमतौर पर इस दौरान कारों की बिक्री में तेजी देखने को मिलती है और कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई ऑफर भी देती हैं। अगस्त में कारों की रिटेल डिमांड मजबूत रहने के बावजूद ऑटो कंपनियों के सामने बढ़ती इनपुट लागत और ग्राहकों की खरीद क्षमता को लेकर चुनौती बनी हुई है। ऐसे माहौल में कंपनियां अपनी लागत और मार्जिन के बीच संतुलन बनाने के लिए कीमतों में बदलाव कर रही हैं।




















