Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लखीमपुर खीरी हिंसा : आशीष मिश्रा को सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत, UP और दिल्ली में रहने पर रोक

लखीमपुर खीरी हिंसा : आशीष मिश्रा को सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत, UP और दिल्ली में रहने पर रोक
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को लखीमपुर हिंसा मामले के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा उर्फ मोनू को जमानत दे दी है। कोर्ट ने 8 हफ्ते की अंतरिम जमानत देते हुए कहा है कि आशीष दिल्ली और यूपी में नहीं रह सकते हैं। अदालत ने 19 जनवरी को मिश्रा की अर्जी पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा पर लखीमपुर में 5 किसानों को गाड़ी से कुचलने का आरोप लगा था।

तिकुनिया में हुई थी 8 लोगों की हत्या

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया में 3 अक्टूबर, 2021 को हुई हिंसा में 8 लोगों की हत्या कर दी गई थी। इस दिन यूपी के तत्कालीन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य क्षेत्र के दौरे पर लखीमपुर पहुंचे थे। उनके साथ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा (टेनी) भी थे। मिश्रा का काफिला देख वहां प्रदर्शन कर रहे किसानों ने उन्हें काले झंडे दिखाए, जिसके बाद टेनी समर्थकों और किसानों में झड़प हो गई थी। यूपी पुलिस की एफआईआर के अनुसार जिस एसयूवी में आशीष मिश्रा बैठा था, उस गाड़ी ने चार किसानों को कुचल दिया था। घटना के बाद एसयूवी चालक और दो भाजपा कार्यकर्ताओं को आक्रोशित किसानों ने पीट पीटकर मार डाला था। हिंसा में एक पत्रकार की भी मौत हो गई थी।

खारिज हो गई थी आशीष की जमानत

26 जुलाई 2022 को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने आशीष मिश्रा की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद आशीष ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। 19 जनवरी 2023 को आशीष के माले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में हुई। इस दौरान कोर्ट ने कहा था कि एक आरोपी को अनिश्चित काल के लिए कारावास में नहीं रखा जाना चाहिए जब तक कि अपराध साबित नहीं हुआ हो। हालांकि, कोर्ट ने उस दिन फैसला नहीं सुनाया था और इसे सुरक्षित रख लिया था।

यूपी सरकार ने किया विरोध

उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त महाधिवक्ता गरिमा प्रसाद ने जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा था कि यह एक गंभीर और जघन्य अपराध है। उन्होंने कहा कि आशीष को जमानत देने से समाज में गलत संदेश जाएगा। इस मामले में आशीष मिश्रा के अलावा 12 अन्य आरोपियों में अंकित दास, नंदन सिंह बिष्ट, लतीफ काले, सत्यम उर्फ ​​सत्य प्रकाश त्रिपाठी, शेखर भारती, सुमित जायसवाल, आशीष पांडे, लवकुश राणा, शिशु पाल, उल्लास कुमार उर्फ ​​मोहित त्रिवेदी, रिंकू राणा और धर्मेंद्र बंजारा शामिल हैं। सभी 13 आरोपी अभी जेल में हैं। इन पर दंगा, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। यह भी पढ़ें लखीमपुर खीरी हिंसा: यूपी सरकार का एलान- मृतक किसान के परिजनों को 45 लाख और नौकरी, हिंसा की होगी न्यायिक जांच
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts