बिहार के सिवान में खौफनाक वारदात, युवक पर तेजाब डालकर जलाया; इलाज के दौरान मौत

सिवान। घटना जीबी नगर थाना क्षेत्र के सरैया गांव की है, जहां वारदात के बाद आरोपी दुकान का शटर बंद कर फरार हो गए। नदीम ने अस्पताल ले जाते समय इशारों में तीन लोगों के शामिल होने की बात बताई थी। घटना से नाराज परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद अधिकारियों ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया।
इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
मृतक की बहन अफसाना खातून के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8 बजे उन्हें भाई के साथ हुई घटना की सूचना मिली। परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में नदीम को सिवान सदर अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: बेगूसराय में नदी के बीच पलटी 20 लोगों से भरी नाव! दो लापता, चार घायल
नदीम ने इशारों में बताए तीन आरोपियों के बारे में
बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय जब नदीम को होश आया तो उसने इशारों में इस घटना में तीन लोगों के शामिल होने की बात बताई थी। हालांकि, गंभीर चोट और असहनीय दर्द के कारण वह किसी का नाम नहीं बता सका। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
शव सड़क पर रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन नदीम का शव लेकर चौकी हसन पंचायत के अलावलपुर गांव पहुंचे तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
थानाध्यक्ष को निलंबित करने और अधिकारियों को बुलाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने स्थानीय जीबी नगर थानाध्यक्ष को निलंबित करने, डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का कहना था कि पुलिस जल्द पता लगाए कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे कौन लोग शामिल हैं और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करे।
अधिकारियों ने दिया जल्द गिरफ्तारी का भरोसा
हंगामे की सूचना मिलने पर सिवान सदर एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता और एसडीपीओ प्रांजल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। एसडीओ ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















