राजा रघुवंशी हत्याकांडहनीमून मर्डर केस में नया मोड़: जमानत के खिलाफ हाई कोर्ट जाएगी पुलिस

/इंदौर। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत अब उसके लिए नई कानूनी मुसीबत बनती दिख रही है। शिलांग पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि वह इस जमानत को चुनौती देने के लिए मेघालय हाई कोर्ट का रुख करेगी। पुलिस का मानना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनम की रिहाई जांच पर असर डाल सकती है और गवाहों को प्रभावित करने का खतरा भी बढ़ गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे हत्याकांड में सोनम की भूमिका केवल आरोपी की नहीं, बल्कि साजिश की मास्टरमाइंड के रूप में सामने आई है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि बाहर आने के बाद वह सबूतों और गवाहों के साथ छेड़छाड़ कर सकती है। यही नहीं, उसकी जमानत को आधार बनाकर अन्य आरोपी भी राहत की कोशिश में जुट गए हैं, जिससे केस की दिशा प्रभावित हो सकती है।
हाई कोर्ट में जमानत के खिलाफ रणनीति तैयार
सूत्रों के मुताबिक, शिलांग पुलिस उन्हीं बिंदुओं को आधार बनाकर हाई कोर्ट में अपील करेगी, जिनके आधार पर सत्र न्यायालय ने सोनम को जमानत दी थी। सरकारी पक्ष के वकील केशव गौतम ने भी इसकी पुष्टि की है। पुलिस अब केस से जुड़े साक्ष्यों को और मजबूत तरीके से पेश करने की तैयारी में है, ताकि जमानत आदेश को रद्द कराया जा सके।
और पढ़ें: सरगुजा: नाबालिग लड़कियों से 7 युवकों ने किया गैंगरेप: खेत में किया दुष्कर्म; पुलिस कर रही जांच
जमानत की वजह बनी पुलिस की बड़ी चूक
दरअसल, सत्र न्यायालय ने जमानत देते समय पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे। अदालत ने पाया कि गिरफ्तारी दस्तावेजों में हत्या जैसी गंभीर धारा की जगह गलत धारा दर्ज कर दी गई थी। इतना ही नहीं, गिरफ्तारी के समय आरोपी को उसके खिलाफ लगे आरोपों की सही जानकारी भी नहीं दी गई। अदालत ने इसे कानूनी प्रक्रिया की बड़ी खामी और आरोपी के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन माना। इसके अलावा, लगभग 10 महीने बीतने के बावजूद जांच पूरी नहीं होना और सभी गवाहों के बयान दर्ज न होना भी कोर्ट के फैसले में अहम कारण बना।
पीड़ित परिवार भी हाई कोर्ट जाने की तैयारी में
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने भी स्पष्ट किया है कि वे खुद सोनम की जमानत रद्द कराने के लिए हाई कोर्ट जाएंगे। उन्होंने इसके लिए वकील से संपर्क कर लिया है और आवश्यक दस्तावेज भी तैयार कर लिए हैं।
अन्य आरोपियों की जमानत पर भी नजर
सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाहा की जमानत याचिका पर भी अब सबकी नजरें टिकी हैं। उसकी ओर से दायर अर्जी पर शिलांग की सत्र अदालत जल्द फैसला सुना सकती है। माना जा रहा है कि सोनम को मिली जमानत को ही आधार बनाकर उसके पक्ष में दलीलें दी गई हैं।
शिलांग से बाहर जाने पर भी लगी शर्त
फिलहाल सोनम को सशर्त जमानत मिली है और वह कोर्ट की अनुमति के बिना शिलांग नहीं छोड़ सकती। जानकारी के अनुसार, उसे सुरक्षा कारणों से एक सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। वहीं, यह भी चर्चा है कि वह खुद शिलांग से बाहर जाने के लिए कोर्ट में आवेदन कर सकती है और अपनी सुरक्षा को आधार बना सकती है।












