Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

20 डिग्री की ठंड, चारों तरफ बर्फ! आखिर दुनिया से कटकर क्यों रहता है यह परिवार, क्या है इस जगह की खासियत?

हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में एक ऐसा गांव है, जहां न तो लोगों की भीड़ है और न ही घरों की लंबी कतार। कागती गांव में सिर्फ एक मकान है और उसमें शेरिंग का परिवार रहता है। यहां सर्दियों में तापमान माइनस 20 डिग्री तक पहुंच जाता है। फिर भी यह परिवार सालों से यहीं रह रहा है।
20 डिग्री की ठंड, चारों तरफ बर्फ! आखिर दुनिया से कटकर क्यों रहता है यह परिवार, क्या है इस जगह की खासियत?
कागती गांव में अकेला रहता है परिवार

हिमाचल प्रदेश। आज के समय में ज्यादातर लोग अच्छी नौकरी, बेहतर सुविधाओं और आरामदायक जिंदगी के लिए बड़े शहरों का रुख करते हैं। लेकिन हिमाचल प्रदेश में एक ऐसा गांव भी है, जहां शहरों जैसी कोई सुविधा और चहल-पहल नहीं है। यहां सिर्फ एक घर है और उसमें एक ही परिवार रहता है। चारों तरफ ऊंचे पहाड़, बर्फ से ढकी जमीन और कड़ाके की ठंड के बीच यह परिवार अपनी जिंदगी जी रहा है। सर्दियों में यहां तापमान माइनस 20 डिग्री तक पहुंच जाता है। इसके बावजूद परिवार ने इस जगह को अपना घर बनाया हुआ है।

कागती गांव की पहचान

हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में बसा कागती गांव अपनी अनोखी पहचान के लिए जाना जाता है। यहां शेरिंग का परिवार रहता है। बताया जाता है कि यह परिवार पिछले पांच पीढ़ियों से इसी जगह पर रह रहा है। परिवार में कुल पांच से छह सदस्य हैं, लेकिन फिलहाल तीन लोग यहां रहते हैं। इस गांव में न बाजार की भीड़ है और न आसपास दूसरे घर दिखाई देते हैं। शेरिंग का परिवार ही इस जगह की पहचान है। यूट्यूबर रविंदर बिश्नोई ने अपने यूट्यूब चैनल 'The Young Monk' पर इस परिवार की जिंदगी दिखाई है, जिसके बाद यह अनोखा गांव चर्चा में आया।

न हिंदी आती है, न गानों का मतलब पता, फिर भी जॉर्जिया की लड़की पर चढ़ा बॉलीवुड का जादू, शाहरुख के गाने पर डांस देख फिदा हुए लोग!

खेती और पशुपालन से चलता है परिवार का घर

कागती गांव में रहने वाले शेरिंग के परिवार की कमाई का मुख्य जरिया खेती है। परिवार अपने खेतों में जौ, आलू और काले मटर उगाता है। फसल तैयार होने के बाद कुछ हिस्सा घर के लिए रख लिया जाता है और बाकी जरूरत के हिसाब से बाजार में बेचा जाता है। इसके अलावा परिवार पहले भेड़-बकरियां भी पालता था। इनसे मिलने वाली ऊन से शॉल और गलीचे बनाए जाते हैं। इस तरह परिवार अपनी जरूरत की कई चीजें खुद तैयार करता है और बाहरी लोगों पर कम निर्भर रहता है।

माइनस 20 डिग्री की ठंड में कैसे रहता है परिवार?

कागती गांव में सर्दियां किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होतीं। यहां तापमान माइनस 20 डिग्री तक पहुंच जाता है। ऐसे में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। शेरिंग बताते हैं कि पहले उनके दादा के समय में आठ से दस फीट तक बर्फ जम जाती थी। हालांकि, अब बर्फबारी पहले के मुकाबले कम हो गई है। सर्दियों की तैयारी परिवार कई महीने पहले ही शुरू कर देता है। नवंबर में पांच से छह महीने का राशन और जलाने के लिए सूखी लकड़ियां इकट्ठा कर ली जाती हैं। कई बार ठंड इतनी बढ़ जाती है कि पानी की पाइपलाइन जम जाती है। ऐसी स्थिति में बर्फ पिघलाकर पानी का इंतजाम करना पड़ता है।

घर में घुस आया था हिम तेंदुआ

इस गांव में इंसानों के अलावा जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता है। शेरिंग बताते हैं कि एक बार हिम तेंदुआ उनके घर में घुस आया था। उसने घर में मौजूद गाय के बछड़े का शिकार कर लिया था। इस घटना के बाद परिवार ने अपने पशुओं की सुरक्षा पर खास ध्यान देना शुरू किया। ग्राम समुदाय और कुछ संस्थाओं की मदद से घर के ऊपर खास जाली भी लगवाई गई, ताकि जंगली जानवर अंदर न आ सकें। आवारा कुत्तों और हिम तेंदुओं के डर से परिवार ने अब भेड़-बकरियां पालना भी कम कर दिया है।

बीच पर बेचती हैं सामान, कभी क्लासरूम नहीं देखा, गोवा की इस महिला का टैलेंट देख चौंके लोग, बिना पढ़ाई के बोलती हैं शानदार इंग्लिश!

शहरों से ज्यादा अपने गांव में मिलता है सुकून

शेरिंग बताते हैं कि उन्हें अब अकेले रहने की आदत हो चुकी है। जब वे देहरादून जैसे बड़े शहरों में जाते हैं, तो शुरुआत में वहां की भीड़ और रौनक अच्छी लगती है। लेकिन कुछ समय बाद उनका मन फिर अपने गांव लौटने का करने लगता है। कागती गांव की यह कहानी बताती है कि खुश रहने के लिए हमेशा बड़ी इमारतें, बाजार और शहर की सुविधाएं जरूरी नहीं होतीं। कई बार पहाड़ों के बीच एक छोटा सा घर और परिवार के साथ बिताया गया शांत जीवन ही सबसे बड़ी खुशी बन जाता है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts