Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Dr. Mohan Yadav Cabinet: मप्र में सहकारिता चुनाव एक साल के लिए टले, चार जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ देगी सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक में पैक्स (प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों) के चुनाव की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया। बैठक में जिला सहकारी बैंकों को आर्थिक मदद, 1800 से अधिक गांवों के पूर्ण विद्युतीकरण, 2027 को युवा वर्ष मनाने, ग्वालियर में टेलीकॉम जोन विकसित करने और खनिज राजस्व बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी गई।
Dr. Mohan Yadav Cabinet: मप्र में सहकारिता चुनाव एक साल के लिए टले, चार जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ देगी सरकार
भोपाल। सीएम डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

भोपाल। मध्यप्रदेश में सहकारिता क्षेत्र की व्यवस्था को दुरुस्त करने और जिला सहकारी बैंकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वर्ष 2018 के बाद से सहकारी समितियों के चुनाव नहीं हुए हैं। इस बीच प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का गठन किया गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में पैक्स के चुनाव की अवधि एक साल बढ़ाने का फैसला लिया गया। बैठक के बाद मंत्री चेतन्य काश्यप ने बताया कि वर्ष 2024-25 में जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपए की सहायता दी गई थी। छह बैंकों की आर्थिक स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर होने के बावजूद पांच बैंकों ने अच्छा प्रदर्शन और रिटर्न दिया है। ग्वालियर को छोड़कर अन्य बैंकों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। ऐसे बैंकों को 25-25 करोड़ रुपए की अतिरिक्त सहायता देने का निर्णय लिया गया है। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी जिला सहकारी बैंकों को मध्यप्रदेश सरकार की ओर से 50-50 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

1800 से अधिक गांवों का होगा पूर्ण विद्युतीकरण 

प्रदेश में बिजली सुविधाओं का विस्तार करने के लिए भी कैबिनेट में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सरकार ने ऐसे गांवों को चिह्नित किया है, जहां 20 से अधिक मकान हैं, लेकिन अभी तक पूर्ण विद्युतीकरण नहीं हुआ है। ऐसे 1800 से अधिक गांवों की पहचान की गई है। इन गांवों में सभी घरों तक बिजली पहुंचाने की योजना पर काम किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की पहुंच को व्यापक बनाना और शेष घरों को भी विद्युत सुविधा से जोड़ना है।

2027 युवा वर्ष के रूप में मनेगा, पीएससी की दो बार होगी परीक्षा 

मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने जा रही है। युवाओं को रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लोक सेवा आयोग की परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है। सरकार का प्रयास है कि भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया नियमित हो और युवाओं को अपनी तैयारी के अनुरूप अवसर मिल सकें। इसके साथ ही ग्वालियर में विकसित हो रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन को लेकर भी जानकारी दी गई। केंद्र सरकार के सहयोग से जुलाई में इस परियोजना को लेकर चर्चा हुई थी। अब तक 25 उद्योगपतियों को जमीन के आवंटन पत्र दिए जा चुके हैं। दूसरे चरण में 40 और उद्योगपतियों को जमीन आवंटित करने की तैयारी है।

चीतों की संख्या बढ़कर 62 हुई, सात जनजातीय उत्पादों को मिलेगा जीआई टैग 

वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया गया कि प्रदेश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है। इनमें 43 चीते भारत की धरती पर पैदा हुए हैं। वहीं प्रदेश में 26 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां होने की जानकारी भी दी गई। जनजातीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सात उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की उम्मीद है। इससे जनजातीय क्षेत्र के पारंपरिक उत्पादों और वाद्य यंत्रों को नई पहचान मिल सकेगी। जनजातीय खानपान को प्रोत्साहित करने के लिए ट्राइबल क्षेत्रों में कैफे और कैफेटेरिया विकसित करने की योजना भी बताई गई। इसके माध्यम से स्थानीय व्यंजनों और खानपान की परंपरा को बढ़ावा दिया जाएगा।

खनिज राजस्व 12,161 करोड़ से बढ़ाकर 20 हजार करोड़ करने का लक्ष्य 

प्रदेश में खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग और राजस्व बढ़ाने के लिए सरकार व्यापक सर्वे कराएगी। फिलहाल खनिज क्षेत्र से 12,161 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हो रहा है। इसे बढ़ाकर 20 हजार करोड़ रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। खनिज उद्योग निगम पूरे प्रदेश का सर्वे करेगा। पुराने आंकड़ों और सर्वे के आधार पर भूमि को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इस प्रक्रिया के लिए 90 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार को उम्मीद है कि खनिज संसाधनों के बेहतर दोहन से भविष्य में 30 हजार करोड़ रुपए तक का राजस्व प्राप्त किया जा सकेगा।

7 से 11 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र 

विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें कई शासकीय संकल्प और अनुपूरक बजट प्रस्तुत किए जाएंगे। विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी सरकार जवाब देगी। इसके अलावा 2 दिसंबर को नीति चिंतन का आयोजन किया जाएगा। आठ सत्रों में होने वाले इस आयोजन में मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। इसमें 2047 तक मध्यप्रदेश के विकास की रूपरेखा और पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा होगी। इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों का चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों की समीक्षा के बाद मंत्रियों के सामने उनके विभागों के प्रदर्शन और योजनाओं की प्रगति की रिपोर्ट रखी जाएगी।

भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होंगे हॉकी सहित बड़े खेल आयोजन 

भोपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन की सुविधाओं को लेकर भी जानकारी दी गई। करीब 1000 करोड़ रुपए की लागत से तैयार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का लोकार्पण किया गया है। यहां हॉकी सहित अन्य खेलों के बड़े आयोजन हो सकेंगे। फिलहाल भोपाल में हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है, जिसमें चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारतीय टीम ने शुरुआती दो मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में मध्यप्रदेश के पांच राज्यों में शीर्ष प्रदर्शन करने की जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया है। सरकार इसे बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रही है।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts