सोहागपुर का रेवा-बनखेड़ी मार्ग अंधेरे में डूबा, बिना स्ट्रीट लाइट के डिवाइडर बन रहे हादसों की वजह
सोहागपुर। नगर के प्रमुख रेवा-बनखेड़ी पहुंच मार्ग पर सौंदर्यीकरण के नाम पर बनाए गए डिवाइडर अब वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय डिवाइडर अंधेरे में नजर नहीं आते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस मार्ग पर रात के समय कई वाहन चालक दुर्घटनाओं का सामना कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर परिषद द्वारा रोशनी की व्यवस्था को लेकर अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
इसी मार्ग पर जमनी सरोवर मंदिर भी
इस मार्ग पर सोहागपुर के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व का जमनी सरोवर मंदिर भी स्थित है, जहां सूर्यास्त के बाद से देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। इसके अलावा रेवा-बनखेड़ी मार्ग से दर्जनों गांव जुड़े होने के कारण ग्रामीणों का आवागमन भी दिन-रात जारी रहता है। ऐसे में सड़क पर पर्याप्त रोशनी का अभाव लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
सोहागपुर में सड़क पर पानी बहाने वाले दुकानदारों पर नगर परिषद की कार्रवाई, लगाया जुर्माना
वीआईपी और मॉडल रोड के दावे अधूरे
जब इस सड़क का निर्माण शुरू हुआ था, तब क्षेत्रवासियों को इसे वीआईपी सड़क के रूप में विकसित करने और उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था के साथ नगर की मॉडल रोड बनाने के सपने दिखाए गए थे।
सड़क के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास को लेकर किए गए दावे लोगों की उम्मीदें बढ़ाने वाले थे, लेकिन वर्तमान स्थिति इन दावों से बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। सड़क पर रोशनी के लिए न तो पर्याप्त बिजली के पोल लगाए गए हैं और न ही स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है। शाम ढलते ही मार्ग अंधेरे में डूब जाता है, जिससे पैदल राहगीरों सहित दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई होती है।
पौधरोपण के दावे भी धरातल पर नहीं उतरे
सड़क के बीच बने डिवाइडर पर सघन पौधरोपण कर हरियाली विकसित करने की योजना भी अब तक प्रभावी रूप से नजर नहीं आई है। निर्माण कार्य के काफी समय बाद भी डिवाइडर सूने पड़े हैं।
हरियाली के स्थान पर डिवाइडर के बीच जमा कचरा और गंदगी अव्यवस्था की तस्वीर पेश कर रही है। जिस डिवाइडर को शहर की सुंदरता बढ़ाने और सड़क को व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए बनाया गया था, वहां कचरा जमा होने से छोटे सार्वजनिक कूड़ा पड़ाव जैसी स्थिति बन गई है।
सोहागपुर का मुक्तिधाम बदहाल, चिता स्थलों से झड़ रहा सीमेंट और बाहर निकली सरिया; अब कायाकल्प की मांग
जनता में आक्रोश, तत्काल सुधार की मांग
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर कई बार नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया जा चुका है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
नागरिकों ने मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना रेवा-बनखेड़ी पहुंच मार्ग पर तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाकर उन्हें चालू किया जाए, डिवाइडर पर पौधरोपण कराया जाए और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब लोगों को इंतजार है कि ‘मॉडल रोड’ का सपना केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर धरातल पर भी नजर आए, ताकि यह मार्ग सुरक्षित और सुंदर बन सके।






















