Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रिश्तों का कातिल पिता! सोती पत्नी और 3 साल के मासूम बेटे को कुल्हाड़ी से काट डाला, अब दोहरे आजीवन कारावास की सजा

सीहोर जिले के बुधनी की अपर सत्र न्यायालय ने पत्नी मोना और तीन वर्षीय बेटे वेदांत की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले गणेशराम विश्वकर्मा को दोहरे आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। 27 जुलाई 2023 को हुई इस वारदात में आरोपी ने अपने भतीजे पर भी हमला किया था। चश्मदीद गवाहों, एफएसएल रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
रिश्तों का कातिल पिता! सोती पत्नी और 3 साल के मासूम बेटे को कुल्हाड़ी से काट डाला, अब दोहरे आजीवन कारावास की सजा
फाइल फोटो

सीहोर। रिश्तों को शर्मसार करने वाले सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में बुधनी की अपर सत्र न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए अपनी ही पत्नी और महज तीन साल के मासूम बेटे की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या करने वाले आरोपी गणेशराम विश्वकर्मा को दोहरे आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर कुल 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अभियोजन की प्रभावी पैरवी, चश्मदीद गवाहों के बयान और एफएसएल की वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट ने आरोपी के खिलाफ अपराध को संदेह से परे प्रमाणित करने में अहम भूमिका निभाई।

पत्नी और मासूम बेटे पर बरपाया था कुल्हाड़ी से कहर

मामला 27 जुलाई 2023 की सुबह करीब 6:30 बजे ग्राम सरदारनगर, थाना शाहगंज का है। यहां गणेशराम विश्वकर्मा ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया था। आरोपी ने अपनी पत्नी मोना विश्वकर्मा और महज तीन वर्षीय मासूम बेटे वेदांत की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी थी। दोनों उस समय सो रहे थे। जिस व्यक्ति के कंधों पर पत्नी और बच्चों की सुरक्षा तथा पालन-पोषण की जिम्मेदारी थी, उसी ने अपने ही परिवार को खून से लथपथ कर दिया।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजनों के उड़े होश

घटना की सुबह फरियादी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने घर के अंदर वाले कमरे से भतीजे राघवेंद्र की चीख-पुकार सुनी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका के चलते दिनेश ने लात मारकर दरवाजा तोड़ा और अंदर पहुंचा तो सामने का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। उसका छोटा भाई गणेशराम हाथ में धारदार कुल्हाड़ी लेकर अपने ही पुत्र राघवेंद्र की कलाई काटने का प्रयास कर रहा था। दिनेश ने तत्काल बीच-बचाव कर राघवेंद्र को आरोपी के चंगुल से बचाया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। कमरे में पत्नी मोना और तीन वर्षीय वेदांत के शव रक्तरंजित अवस्था में पड़े थे। दोनों की गर्दन पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक वार किए गए थे।

Featured News

एफएसएल रिपोर्ट ने भी आरोपी के खिलाफ दिए अहम सबूत

घटना की सूचना मिलते ही तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज वाडेकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना शाहगंज में अपराध क्रमांक 151/2023 के तहत धारा 302 और 323 भारतीय दंड संहिता में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक राजेंद्र उइके ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गणेशराम को गिरफ्तार किया। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घर के पीछे बाथरूम के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की धारदार कुल्हाड़ी और खून से सनी शर्ट जब्त की गई। इस जघन्य वारदात की जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य महत्वपूर्ण साबित हुए। क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल), भोपाल की जांच रिपोर्ट में आरोपी की शर्ट और बिस्तर की गोदड़ी पर मानव रक्त पाए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस द्वारा जुटाए गए भौतिक साक्ष्य, जब्त हथियार, चिकित्सकीय परीक्षण और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान ने अभियोजन के मामले को मजबूती प्रदान की।

चश्मदीद बालक की गवाही और अभियोजन की मजबूत पैरवी

न्यायालय में विचारण के दौरान शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज रघुवंशी ने मामले की प्रभावी पैरवी की। उन्होंने चश्मदीद एवं आहत बालक राघवेंद्र, फरियादी दिनेश विश्वकर्मा, चिकित्सकों और विवेचना अधिकारियों के महत्वपूर्ण बयान न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए। इसके साथ ही वैज्ञानिक, चिकित्सकीय और दस्तावेजी साक्ष्यों के जरिए अभियोजन पक्ष ने आरोपी के अपराध को संदेह से परे प्रमाणित किया।

ये भी पढ़ें: सीहोर में 536.23 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई प्रोजेक्ट का लोकार्पण, सीएम मोहन यादव बोले-किसानों की समृद्धि ही मप्र की खुशहाली का आधार

दोहरे आजीवन कारावास के साथ 10 हजार रुपये जुर्माना

सत्र प्रकरण क्रमांक 229/2023 में 27 नवंबर 2026 को अपर सत्र न्यायाधीश, बुधनी, जिला सीहोर ने आरोपी गणेशराम विश्वकर्मा पिता गिरीश विश्वकर्मा, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम सरदारनगर को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषसिद्ध ठहराते हुए दोहरे आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई। न्यायालय ने दोनों अपराधों के लिए पांच-पांच हजार रुपये, कुल 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर प्रत्येक शीर्ष पर तीन माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

ये भी पढ़ें: सीहोर में 162 लड़कियां और महिलाएं फिर थाम रहीं किताबें, सेकंड चांस कार्यक्रम से करेंगी 10वीं की तैयारी

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts