सोहागपुर के तीन गांवों में विकास कार्यों का भूमिपूजन, 3.96 करोड़ से बनेगी स्कूल की 10 अतिरिक्त कक्षाएं
सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई। ग्राम घोघरी, गजपुर और ग्राम पंचायत पाहनवर्री में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान पात्र ग्रामीण हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
घोघरी में वटकुई रोड से नांदनेर तक बनेगी सड़क
ग्राम घोघरी में लोक निर्माण विभाग की ओर से वटकुई रोड से नांदनेर तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही आसपास के गांवों के बीच संपर्क बेहतर होने और दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

गजपुर में 3.96 करोड़ से बनेंगी 10 अतिरिक्त कक्षाएं
ग्राम गजपुर में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल भवन में 10 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 396.26 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। अतिरिक्त कक्ष बनने से विद्यालय में पढ़ाई के लिए जगह बढ़ेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

पाहनवर्री में 40 लाख से बनेगा मंगल भवन
ग्राम पंचायत पाहनवर्री में करीब 40 लाख रुपये की लागत से नवीन सामुदायिक मंगल भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन के लिए माया सरदार साहब चौधरी, राकेश चौधरी और प्रमोद चौधरी ने भूमि दान की है। कार्यक्रम में उनके इस योगदान के लिए आभार जताया गया। मंगल भवन बनने से ग्रामीणों को सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।
सोहागपुर में सड़क पर पानी बहाने वाले दुकानदारों पर नगर परिषद की कार्रवाई, लगाया जुर्माना
स्वामित्व योजना के प्रमाण पत्र भी बांटे
तीनों गांवों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्तियों के अधिकारों का दस्तावेजी प्रमाण दिया जाता है। इससे संपत्ति संबंधी अधिकारों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलती है। कार्यक्रमों में विधानसभा प्रभारी बहादुर चौधरी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि छुट्टा पटेल, आशुतोष तिवारी, मंडल अध्यक्ष विनय यादव, अरुण, रामफल पटेल और शंभू पटेल सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।























