हाईकोर्ट की पुलिस विभाग पर सख्त टिप्पणी: 'पुलिस को बेलगाम घोड़ा बनाने पर आमादा हैं आला अधिकारी', 34 में से 31 मांग-पत्र दबाए

ग्वालियर। हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक लापरवाही और तथ्यों को छिपाने की प्रवृत्ति पर बेहद तल्ख टिप्पणी की है। जस्टिस जीएस अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने कहा कि पुलिस के आला अधिकारी नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता तथा कानून के प्रति सम्मान नहीं दिखा रहे हैं। वे पुलिस विभाग को एक ‘बेलगाम घोड़ा’ बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कोर्ट ने पुलिस विभाग की वास्तविक स्थिति से प्रदेश सरकार को अवगत कराने के लिए आदेश की प्रति मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए हैं।
मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई। रिकॉर्ड के अनुसार, पुलिस लाइन के रिजर्व इंस्पेक्टर को कुल 34 मांग-पत्र प्राप्त हुए थे, लेकिन इनमें से केवल तीन पर ही कार्रवाई की गई, जबकि शेष 31 मांग-पत्रों को दबा दिया गया। कोर्ट ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठाए।
डीजीपी की टिप्पणी पर कोर्ट की नाराजगी
मामले में पहले प्रस्तुत जवाब में पुलिस विभाग की इस चूक का उल्लेख नहीं किया गया था। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की ओर से पेश टिप्पणियों में विभाग को क्लीन चिट देते हुए कहा गया था कि पुलिस की ओर से कोई उदासीनता नहीं बरती गई। यह भी कहा गया कि आपराधिक अपील में जमानत आवेदन का कैदी के जीवन और स्वतंत्रता से कोई संबंध नहीं है।
रिकॉर्ड देखे बिना डीजीपी ने ईमानदारी का सर्टिफिकेट दिया
इस पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि डीजीपी ने रिकॉर्ड का समुचित अवलोकन किए बिना ही स्वयं और अपने विभाग को ईमानदारी का प्रमाण पत्र दे दिया। कोर्ट ने टिप्पणी की कि डीजीपी की जानकारी और मार्गदर्शन में ही तथ्यों को छिपाने का प्रयास हो रहा है। वे ऐसे अधिकारियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता की कोई परवाह नहीं है।
ये भी पढ़ें: मप्र हाईकोर्ट ने कहा- ‘अफसरों की लापरवाही से डंपिंग यार्ड बना मदनमहल का ऐतिहासिक बैलेंसिंग रॉक’
कैंसर पीड़ित कैदी को नहीं मिल सका एम्स में इलाज
यह मामला जेल में बंद कैंसर पीड़ित नरहरि को उपचार के लिए एम्स नहीं भेजे जाने से जुड़ा है। कैदी के इलाज और जमानत से जुड़े इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से बरती गई लापरवाही के साथ कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। हाईकोर्ट की टिप्पणियों से स्पष्ट है कि अदालत ने इसे केवल एक कैदी के इलाज का मामला नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता के अधिकार तथा पुलिस विभाग की जवाबदेही से जुड़ा गंभीर विषय माना है।




















