Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सोहागपुर का मुक्तिधाम बदहाल, चिता स्थलों से झड़ रहा सीमेंट और बाहर निकली सरिया; अब कायाकल्प की मांग

सोहागपुर के मुक्तिधाम घाट में चिता स्थल जर्जर, सफाई व्यवस्था बदहाल और पलकमती नदी किनारे सुरक्षा दीवार टूटी। नागरिकों ने जीर्णोद्धार, विस्तार और सौंदर्यीकरण की मांग की।
सोहागपुर का मुक्तिधाम बदहाल

सोहागपुर। नगर परिषद सोहागपुर के अंतर्गत आने वाला प्रमुख मुक्तिधाम घाट लंबे समय से रखरखाव और उपेक्षा का सामना कर रहा है। परिसर में जगह-जगह गंदगी जमा है, वहीं अंतिम संस्कार के लिए बने कई चिता स्थल जर्जर हो चुके हैं। इनके कॉलम से सीमेंट और गिट्टी उखड़ने के कारण लोहे की सरिया बाहर दिखाई देने लगी है। नदी किनारे बनी सुरक्षा दीवार भी धराशाई हो चुकी है, जिससे बारिश के दौरान घाट की जमीन का कटाव होने की आशंका बनी रहती है। मुक्तिधाम की इस स्थिति को लेकर नगर के नागरिकों और समाजसेवियों में नाराजगी है। उन्होंने नगर परिषद से घाट का नए सिरे से जीर्णोद्धार, विस्तार और सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है।

2011-12 के बाद नहीं हुआ व्यापक सौंदर्यीकरण

स्थानीय नागरिकों के अनुसार मुक्तिधाम घाट का अंतिम बार व्यापक सौंदर्यीकरण वर्ष 2011-12 में तत्कालीन नगर परिषद अध्यक्ष शीतल मनोज खंडेलवाल के कार्यकाल में कराया गया था। इसके बाद से बड़े स्तर पर जीर्णोद्धार और व्यवस्थाओं को सुधारने की पहल नहीं हुई। करीब डेढ़ दशक बीतने के बाद परिसर का पुराना ढांचा कमजोर पड़ने लगा है। ऐसे में नागरिकों का मानना है कि अब केवल मरम्मत से काम नहीं चलेगा, बल्कि पूरे मुक्तिधाम को नए सिरे से व्यवस्थित करने की जरूरत है।

जर्जर चिता स्थलों से हादसे की आशंका

लगातार अंतिम संस्कार और अग्नि की तेज लपटों के प्रभाव से चिता स्थलों के पिलर कमजोर हो गए हैं। कई कॉलम से सीमेंट और गिट्टी निकल चुकी है तथा सरिया बाहर दिखाई दे रही है। जर्जर संरचना के कारण अंतिम संस्कार के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नागरिकों का कहना है कि दाह संस्कार स्थलों का नियमित अंतराल पर रखरखाव होना चाहिए, लेकिन लंबे समय से इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। परिसर में सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। जगह-जगह कचरा जमा होने और अव्यवस्थित परिसर के कारण अंतिम यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

नए और ऊंचे चिता स्थल बनाने की मांग

नगरवासियों ने क्षेत्रीय विधायक विजयपाल सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा से मुक्तिधाम के कायाकल्प की मांग की है। नागरिकों का सुझाव है कि पुराने और जर्जर चिता स्थलों को हटाकर मजबूत तथा अधिक ऊंचाई वाले नए दाह संस्कार स्थल बनाए जाएं। इसके साथ ही परिसर में छायादार पौधे लगाए जाएं और उनकी देखभाल के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। अंतिम संस्कार में कई बार बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। ऐसे में उनके बैठने के लिए बड़े शेड का निर्माण भी जरूरी बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम में साफ-सफाई, बैठने की सुविधा और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समग्र योजना तैयार की जानी चाहिए।

टूटी बाउंड्री वॉल से नदी किनारे हो रहा कटाव

मुक्तिधाम घाट के विस्तार के साथ पलकमती नदी के किनारे की सुरक्षा भी एक बड़ी जरूरत बन गई है। नदी किनारे पहले बनाई गई बाउंड्री वॉल पानी के तेज बहाव और रखरखाव के अभाव में धराशाई हो चुकी है। इसके कारण बारिश के दौरान नदी के बहाव से घाट की जमीन का कटाव होता है और परिसर का क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों का सुझाव है कि नदी किनारे मजबूत नींव पर आरसीसी रिटेनिंग वॉल बनाई जाए। इसके पीछे व्यवस्थित तरीके से भराव कर जमीन का समतलीकरण किया जा सकता है। इससे भूमि कटाव रोकने के साथ मुक्तिधाम का विस्तार भी संभव होगा। नागरिकों के मुताबिक इससे अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को पर्याप्त जगह मिल सकेगी।

Featured News

पलकमती नदी के संरक्षण की भी उठी मांग

पलकमती नदी को सोहागपुर की जीवनरेखा माना जाता है। इसके बावजूद नदी और उसके किनारों पर बढ़ती गंदगी तथा उपेक्षा चिंता का विषय बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि नदी की सफाई, घाट की सुरक्षा और मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण को अलग-अलग कामों के बजाय एक समग्र कार्ययोजना के तहत कराया जाना चाहिए। नगर परिषद की पहल से मुक्तिधाम को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

सोहागपुर में निर्माण कार्यों का कार्यपालन यंत्री मीनाक्षी चौधरी ने किया औचक निरीक्षण, पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश

नागरिकों ने रखे सुझाव

वरिष्ठ समाजसेवी कन्नूलाल अग्रवाल ने कहा कि अग्नि की तेज लपटों के कारण दाह संस्कार स्थल जर्जर हो जाते हैं। स्थानीय निकाय को हर दो-तीन साल में इनका मेंटेनेंस कराना चाहिए। सोहागपुर के मुक्तिधाम में नए दाह संस्कार स्थलों का निर्माण आवश्यक है। हम नगरवासी मुक्तिधाम घाट के सौंदर्यीकरण के संबंध में क्षेत्रीय विधायक विजयपाल सिंह से मिलकर चर्चा करेंगे।

कड़ा माणिकपुरी जिझौतिया ब्राह्मण समाज अध्यक्ष इंद्र कुमार दीवान ने कहा कि मुक्तिधाम घाट से लगी पलकमती नदी के किनारे सुरक्षा दीवार बनाने की जरूरत है। इससे घाट का विस्तार आसानी से हो सकेगा। नगर परिषद को नए सिरे से ऊंचे दाह संस्कार स्थलों का निर्माण कराना चाहिए।

सामाजिक कार्यकर्ता जीवन दुबे ने कहा कि मुक्तिधाम घाट का विस्तार और पलकमती नदी का संरक्षण दोनों जरूरी हैं। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और निकाय के जिम्मेदार अधिकारियों को स्वप्रेरणा से रुचि लेकर काम करना चाहिए।

पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संतोष मालवीय ने कहा कि स्थानीय निकाय को मुक्तिधाम घाट का विस्तार कराना चाहिए। नदी किनारे सुरक्षा दीवार बनाकर घाट का विस्तार किया जा सकता है। अंत्येष्टि में कई बार बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, ऐसे में उनके बैठने के लिए बड़ा शेड बनाया जाना चाहिए। जर्जर चिता स्थलों के स्थान पर दिशा अनुरूप नए चिता स्थल तैयार किए जाएं।

पत्रकार संघ अध्यक्ष अरविंद चौरसिया ने कहा कि मुक्तिधाम घाट के विस्तार के लिए स्थानीय निकाय को कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। जर्जर दाह संस्कार स्थलों का पुनर्निर्माण जरूरी है। जीर्णोद्धार की मांग को लेकर सोहागपुर पत्रकार संघ नगर परिषद अध्यक्ष और सीएमओ को ज्ञापन सौंपेगा।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts