देश के दो-तिहाई किशोरों में विटामिन B12 की कमी, ICMR-NIN सर्वे में सामने आई चिंताजनक तस्वीर

देश में बच्चों और किशोरों के पोषण को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। पढ़ाई का दबाव, बदलती जीवनशैली और खानपान की आदतों के बीच बड़ी संख्या में बच्चे जरूरी पोषक तत्वों की कमी से जूझ रहे हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) के राष्ट्रीय सर्वेक्षण के मुताबिक, देश के करीब दो-तिहाई किशोरों में विटामिन B12 का स्तर कम पाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 10 से 19 साल की 65.4 फीसदी किशोरियों और 66.1 फीसदी किशोरों में इसकी कमी दर्ज की गई। आंकड़े बताते हैं कि यह समस्या लड़कियों के साथ लड़कों में भी लगभग समान रूप से मौजूद है।
35 राज्यों के 183 जिलों में हुआ सर्वे
ICMR-NIN ने वर्ष 2023 से 2025 के बीच देश के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों में यह सर्वेक्षण किया। इसमें 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया। अलग-अलग आयु और आय वर्गों में पोषण की स्थिति का आकलन करने के लिए करीब 1.7 लाख रक्त नमूनों की जांच की गई। सर्वेक्षण में रक्त में विटामिन B12 का स्तर 203 पिकोग्राम प्रति मिलीलीटर से कम होने पर उसे कमी की श्रेणी में रखा गया। आंकड़ों से पता चला कि यह समस्या केवल किशोरों तक सीमित नहीं है बल्कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक अलग-अलग आयु वर्गों में इसकी कमी देखी गई है।
ग्रामीण किशोरियों में ज्यादा कमी, शहरी लड़कों की स्थिति भी चिंताजनक
सर्वेक्षण में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच भी अंतर सामने आया है। ग्रामीण इलाकों की 66.5 फीसदी किशोरियों में विटामिन B12 का स्तर कम मिला, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 61.7 फीसदी रहा। किशोर लड़कों में इसके उलट शहरी क्षेत्रों की स्थिति ज्यादा चिंताजनक रही। शहरी इलाकों के 68.6 फीसदी लड़कों में विटामिन B12 की कमी दर्ज की गई जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 65.3 फीसदी रहा।
छोटे बच्चों में भी विटामिन B12 की कमी
सर्वेक्षण के मुताबिक पांच से नौ साल की उम्र के 46.5 फीसदी बच्चों में विटामिन B12 का स्तर कम पाया गया। वहीं 12 से 59 महीने की उम्र के 37.3 फीसदी बच्चों में भी इसकी कमी दर्ज की गई। ये आंकड़े बताते हैं कि पोषण पर ध्यान देने की जरूरत केवल किशोरावस्था में ही नहीं, बल्कि बचपन से ही है।
लड़कों में जन्म के समय हो सकती है यह परेशानी, माता-पिता को डॉक्टरों ने दी खास सलाह
गर्भवती महिलाओं में भी 63 फीसदी से ज्यादा कमी
वयस्कों में भी विटामिन B12 की कमी का स्तर काफी अधिक मिला है। सर्वेक्षण के अनुसार, 20 से 59 साल की 55.2 फीसदी महिलाओं और 60.4 फीसदी पुरुषों में इसका स्तर कम पाया गया। 60 साल से अधिक उम्र की 41.2 फीसदी महिलाओं में भी इसकी कमी दर्ज की गई। गर्भवती महिलाओं के आंकड़े विशेष रूप से ध्यान देने वाले हैं। सर्वेक्षण में 63.1 फीसदी गर्भवती महिलाओं में विटामिन B12 की कमी मिली जबकि स्तनपान कराने वाली महिलाओं में यह आंकड़ा 51.8 फीसदी रहा।



















