Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

RCM के नाम पर साइबर ठगी :कमीशन दिलाने का झांसा देकर खाते से ₹31,263 उड़ाए, लिंक क्लिक करते ही लगा चूना

सोहागपुर में RCM कंपनी के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर कमीशन दिलाने का झांसा दिया और लिंक पर क्लिक कराते ही पीड़ित के खाते से ₹31,263 निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमीशन दिलाने का झांसा देकर खाते से ₹31,263 उड़ाए, लिंक क्लिक करते ही लगा चूना

सोहागपुर। मध्यप्रदेश के सोहागपुर में साइबर ठगों ने एक बार फिर नई चाल चलते हुए RCM कंपनी के नाम पर एक व्यक्ति को अपना शिकार बना लिया। ठग ने खुद को कंपनी के हेड ऑफिस का अधिकारी बताकर पहले पीड़ित का भरोसा जीता और फिर छह माह का कमीशन दिलाने का लालच देकर एक लिंक भेजा। जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से कुछ ही मिनटों में कुल 31,263 रुपए निकाल लिए गए। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कमीशन दिलाने के बहाने बनाया शिकार

पुलिस के अनुसार, ग्राम करनपुर निवासी मनोज कुमार पिता प्रहलाद सिंह पुर्विया (40) सुभाष वार्ड, सोहागपुर में नेटवर्क मार्केटिंग से जुड़ी किराना दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 5 जुलाई 2026 को दुकान पर मौजूद रहने के दौरान उनके मोबाइल पर 8709512883 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को RCM कंपनी के हेड ऑफिस का अधिकारी बताया। उसने कंपनी से जुड़ी निजी जानकारी बताकर मनोज कुमार का विश्वास जीत लिया और कहा कि उनका पिछले छह महीने का कमीशन जारी हो गया है।

लिंक पर क्लिक करते ही खाते से कटने लगे पैसे

आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर RCM से जुड़ी जानकारी और एक लिंक भेजा। उसने कहा कि कमीशन प्राप्त करने के लिए इस लिंक पर जाकर जरूरी जानकारी भरनी होगी। मनोज कुमार ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनके बैंक ऑफ इंडिया खाते से फोनपे के माध्यम से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 9,917 रुपए, 9,929 रुपए, 9,917 रुपए और 1,500 रुपए कट गए। इस तरह कुल 31,263 रुपए उनके खाते से निकल गए। जब पीड़ित ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने रकम वापस आने का भरोसा दिलाया, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी पैसे वापस नहीं मिले।

Breaking News

1930 हेल्पलाइन पर शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच

ठगी का अहसास होने पर मनोज कुमार ने 7 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कॉल किस स्थान से की गई और ठगी की रकम किस खाते में ट्रांसफर हुई।

सीहोर : बिजली चोरी का केस बनाना पड़ा भारी, सीहोर में लाइन हेल्पर पर डंडों से हमला, जान से मारने की धमकी, दो आरोपियों पर FIR

पुलिस की सलाह: अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी लिंक पर क्लिक न करें और न ही बैंक खाते, ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Edited By- Sona Rajput

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...Read More

Latest Posts