सीहोर : बिजली चोरी का केस बनाना पड़ा भारी, सीहोर में लाइन हेल्पर पर डंडों से हमला, जान से मारने की धमकी, दो आरोपियों पर FIR
सीहोर के दोराहा में बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज होने से नाराज दो आरोपियों ने आउटसोर्स लाइन हेल्पर पर डंडों से हमला कर घायल कर दिया। बीच-बचाव से जान बची। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।

सीहोर।लाइन हेल्पर को पीटा, केस वापस लेने और जान से मारने की धमकी
सीहोर। जिले के दोराहा थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ की गई कार्रवाई एक लाइन हेल्पर पर भारी पड़ गई। बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज होने से नाराज दो युवकों ने आउटसोर्स पर कार्यरत लाइन हेल्पर को घेरकर डंडों से हमला कर दिया। हमले में लाइन हेल्पर घायल हो गया। बीच-बचाव के बाद उसकी जान बच सकी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेई के निर्देश पर बनाया गया था बिजली चोरी का केस
पुलिस के अनुसार फरियादी रवि लोधी निवासी सिकंदरगंज, बॉम्बे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी कंपनी के माध्यम से दोराहा क्षेत्र में प्राइवेट लाइन हेल्पर के रूप में कार्यरत हैं। बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर राहुल पांडे को सूचना मिली थी कि छोटा बाजार दोराहा निवासी लईक स्मार्ट मीटर का उपयोग नहीं कर सीधे बिजली के खंभे से तार जोड़कर अवैध रूप से बिजली चोरी कर रहा है। जांच के बाद जेई के निर्देश पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ बिजली चोरी का प्रकरण तैयार किया गया।
दोराहा पुल के पास घेरकर की मारपीट
प्रकरण दर्ज होने के बाद रवि लोधी दोराहा पुल के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी समीर उर्फ चिंटू और उसका साथी शम्मी हाथों में डंडे लेकर वहां पहुंचे। दोनों ने रवि से पूछा कि उनके खिलाफ बिजली चोरी का केस क्यों बनाया गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
सिर, पैर और पिंडली पर किए वार
जब रवि लोधी ने गालियां देने का विरोध किया तो आरोपी समीर उर्फ चिंटू ने डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया। वहीं शम्मी ने उनके पैरों और पिंडली पर कई वार किए, जिससे रवि घायल हो गए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों ने बचाई जान, दी जान से मारने की धमकी
घटना के दौरान मौके पर मौजूद नफीस, रामप्रीत मीणा और अजय मीणा ने बीच-बचाव कर रवि लोधी को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद आरोपी जाते-जाते धमकी देकर बोले कि यदि भविष्य में फिर कोई केस बनाया तो जान से खत्म कर देंगे। इस धमकी से पीड़ित और उसके परिजन दहशत में हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
घटना की शिकायत मिलने के बाद दोराहा थाना पुलिस ने आरोपी समीर उर्फ चिंटू और शम्मी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












