सिंगरौली में प्रधान आरक्षक ने फांसी लगाकर दी जान, ट्रांसफर नहीं होने से था परेशान

जिले में पदस्थ पुलिस विभाग के एक प्रधान आरक्षक ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। स्पेशल ब्रांच में चालक प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ राकेश गांगले (35) ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने ट्रांसफर आवेदन पर सुनवाई नहीं होने से परेशान होने की बात लिखी है। घटना 9 और 10 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। सोमवार को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की गई।
गृह जिले के पास ट्रांसफर चाहते थे
पुलिस के अनुसार राकेश गांगले मूल रूप से खरगोन जिले के निवासी थे। उनका परिवार उनकी वर्तमान तैनाती वाली जगह से करीब एक हजार किलोमीटर दूर था। सुसाइड नोट में उन्होंने अपने बीमार पिता और बेटियों के विवाह की जिम्मेदारियों का जिक्र किया है। नोट में उन्होंने गृह जिले खरगोन या उसके आसपास ट्रांसफर किए जाने की मांग का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि इस संबंध में भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार आवेदन दिए गए लेकिन उनकी समस्या पर सुनवाई नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: नई एम्बुलेंस में पुणे से दिल्ली ले जाई जा रही थी प्याज, ‘पीपुल्स समाचार’ की खबर पर हुई जांच
सुसाइड नोट में स्थानीय पुलिस स्टाफ को बताया निर्दोष
राकेश गांगले ने अपने सुसाइड नोट में सिंगरौली के पुलिस स्टाफ को निर्दोष बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री और मीडिया से पुलिसकर्मियों की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील भी की है। सुसाइड नोट में ट्रांसफर को लेकर परेशानी का उल्लेख सामने आया है, हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: क्लर्क सुभाष शर्मा की संपत्ति का आंकड़ा बढ़कर हुआ 8.87 करोड़, सात बैंक खाते सील
परिवार के पहुंचने के बाद होगा पोस्टमार्टम
घटना के बाद शव को मोर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस के मुताबिक परिवार के खरगोन से सिंगरौली पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। CSP विंध्यनगर ललित बैरागी ने बताया कि मृतक स्पेशल ब्रांच में चालक प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ थे और खरगोन के निवासी थे। सुसाइड नोट में ट्रांसफर संबंधी कारण का उल्लेख किया गया है। पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।












