Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एन्थ्रोपिक ने IPO और प्राइवेट प्लेसमेंट से जुटाए 107.3 अरब डॉलर, दुनिया की 15 सबसे बड़ी कंपनियों में बनाई जगह

एन्थ्रोपिक के रिकॉर्ड IPO ने AI इंडस्ट्री में नया इतिहास रचा है। करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर के वैल्यूएशन के साथ कंपनी टेस्ला के बराबर पहुंच गई है और एली लिली से आगे निकल गई है।
एन्थ्रोपिक ने IPO और प्राइवेट प्लेसमेंट से जुटाए 107.3 अरब डॉलर, दुनिया की 15 सबसे बड़ी कंपनियों में बनाई जगह

न्यूयॉक। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एन्थ्रोपिक PBC (Anthropic PBC) ने अपने सात सह-संस्थापकों के साथ मिलकर IPO और प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए रिकॉर्ड 107.3 बिलियन डॉलर की पूंजी जुटाई है। इस उपलब्धि के साथ एन्थ्रोपिक पब्लिक मार्केट से फंड हासिल करने वाली पहली ऐसी फ्रंटियर AI लैब बन गई है, जो उन्नत सोचने और तर्क करने में सक्षम AI सिस्टम विकसित कर रही है। कंपनी ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि इस IPO के तहत कुल 956.4 मिलियन शेयर बेचे गए। इनमें कंपनी की ओर से 801.4 मिलियन और सात सह-संस्थापकों की ओर से 23.6 मिलियन शेयर शामिल थे। प्रत्येक शेयर की कीमत 83 डॉलर निर्धारित की गई, जो पहले घोषित 70 से 78 डॉलर प्रति शेयर की अनुमानित कीमत सीमा से अधिक है।

दुनिया की 15वें नंबर की कंपनी बनी

ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, IPO के बाद बाजार पूंजीकरण के आधार पर एन्थ्रोपिक दुनिया की 15 सबसे बड़ी सार्वजनिक कंपनियों में शामिल हो गई है। कंपनी का मूल्यांकन टेस्ला इंक. (Tesla Inc.) के लगभग बराबर पहुंच गया है, जबकि इसने एली लिली एंड कंपनी (Eli Lilly & Co.) को पीछे छोड़ दिया है।

यह भी पढ़ें: जेन्सेन हुआंग रोज 8.4 लाख रुपए खर्च करे तब भी हजारों साल चलेगी संपत्ति, जानें कितने अरब डॉलर है उनकी दौलत

1.5 ट्रिलियन डॉलर के वैल्यूएशन के साथ AI बाजार में एन्थ्रोपिक की बड़ी शुरुआत

करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर के फुली डाइल्यूटेड वैल्यूएशन के साथ एन्थ्रोपिक की शेयर बाजार में एंट्री को AI इंडस्ट्री और वैश्विक वित्तीय बाजारों के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। यह दिखाता है कि निवेशकों का भरोसा अब केवल AI चिप निर्माता कंपनियों और तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने वाली कंपनियों तक सीमित नहीं है। निवेशक अब उन कंपनियों में भी बड़ी पूंजी लगा रहे हैं, जो क्लॉड (Claude) जैसे एडवांस्ड AI प्लेटफॉर्म विकसित कर रही हैं। ऐसे प्लेटफॉर्म तेजी से कारोबार, शिक्षा, सरकारी सेवाओं और हेल्थकेयर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का हिस्सा बन रहे हैं।

एन्थ्रोपिक का यह IPO संकेत देता है कि AI तकनीक अब केवल भविष्य की संभावनाओं तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और निवेश बाजार में भी अपनी मजबूत जगह बना रही है।

शेयरों की मांग सात गुना रही

ब्लूमबर्ग न्यूज ने रिपोर्ट दी थी कि इस IPO के लिए मांग, उपलब्ध शेयरों की संख्या से लगभग सात गुना अधिक रही। वॉल स्ट्रीट से लेकर लंदन और टोक्यो तक के खरीदार इन शेयरों को पाने के लिए उत्सुक थे। उम्मीद है कि गुरुवार को ट्रेडिंग शुरू होने के बाद, ये शेयर जल्द ही नैस्डैक 100 जैसे इंडेक्स में शामिल हो जाएंगे। गुरुवार को एशियाई बाजार की शुरुआत में नैस्डैक 100 के फ्यूचर्स में 0.9% की बढ़त देखी गई, जबकि ताइवान और दक्षिण कोरिया में टेक्नोलॉजी शेयरों में गिरावट आई। इस पेशकश में 26 अरब डॉलर का प्राइवेट प्लेसमेंट भी शामिल है, जिसमें अल्फाबेट इंक. का गूगल, एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस इंक. और माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प. जैसी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। एंथ्रोपिक का IPO इस प्राइवेट प्लेसमेंट के बिना भी अब तक का सबसे बड़ा IPO है। यह स्पेसएक्स की 75 अरब डॉलर की डील से भी बड़ा है, इसकी 81.3 अरब डॉलर की बेस डील है।  

पुराने निवेशकों को कंपनी देगी प्रथमिकता

इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि बैंकरों ने संभावित निवेशकों से कहा है कि एंथ्रोपिक (Anthropic) मौजूदा निवेशकों को प्राथमिकता देगी। इसका मतलब यह है कि कुछ नए खरीदारों को उनकी उम्मीद से कम हिस्सेदारी मिल सकती है। कुछ निवेशक एंथ्रोपिक IPO में मिली अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा अन्य संभावित निवेशकों को दे रहे हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त फीस कमाने और ट्रेडिंग शुरू होने से पहले अपना जोखिम कम करने का मौका मिल रहा है। वहीं, जिनके पास IPO से पहले की हिस्सेदारी है, वे 'स्पेशल पर्पस व्हीकल' (SPV) के जरिए इसे अन्य खरीदारों को बेच रहे हैं।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts