Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में Women's Asian Champions Trophy 2026 का आगाज, भारत-मलेशिया के बीच पहला मुकाबला; 28 नवंबर को होगा फाइनल

भोपाल में 19 नवंबर से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज हो रहा है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में भारत समेत 6 देशों की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। भारतीय महिला हॉकी टीम अपने पहले मुकाबले में मलेशिया से खेलेगी। 
भोपाल में Women's Asian Champions Trophy 2026 का आगाज, भारत-मलेशिया के बीच पहला मुकाबला; 28 नवंबर को होगा फाइनल
भोपाल में 19 नवंबर से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 शुरू हो रही है।

भोपाल में 19 नवंबर से महिला हॉकी का रोमांच शुरू होने जा रहा है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आज से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज होगा। 19 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में भारत समेत छह देशों की टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। मेजबान भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ करेगी। घरेलू मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर हॉकी प्रेमियों की खास नजर रहेगी। ऐसे में आइए जानते हैं टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल, भारत के मुकाबले और खिताब की दावेदार टीमों के बारे में।

भोपाल में 6 देशों के बीच होगी खिताबी जंग

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत, चीन, जापान, साउथ कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें लीग स्टेज में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। इसके बाद अंक तालिका में सबसे ऊपर रहने वाली चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। भोपाल में पहली बार इस स्तर के महिला हॉकी मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से शहर को हॉकी के बड़े आयोजन के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है।

एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भोपाल में निकली वॉकथॉन, हजारों युवा हाथों में स्टिक लेकर सड़क पर उतरे

/img/99/1795069496761

पहले दिन खेले जाएंगे तीन बड़े मुकाबले

टूर्नामेंट के पहले दिन कुल तीन मैच खेले जाएंगे। भारतीय टीम का मुकाबला दिन के तीसरे मैच में मलेशिया से होगा।

19 नवंबर के मैचों का शेड्यूल-

  • दोपहर 12 बजे: चीन vs थाईलैंड
  • दोपहर 2:20 बजे: जापान vs साउथ कोरिया
  • शाम 4:35 बजे: भारत vs मलेशिया

भारत और साउथ कोरिया के नाम सबसे ज्यादा खिताब

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारत और साउथ कोरिया का दबदबा रहा है। दोनों टीमें अब तक तीन-तीन बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीत चुकी हैं। ऐसे में इस बार भी दोनों टीमों को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वहीं, चीन और जापान जैसी टीमें भी अपनी तेज और आक्रामक हॉकी के दम पर चुनौती पेश कर सकती हैं। मलेशिया और थाईलैंड भी उलटफेर करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

शानदार फॉर्म में है भारतीय महिला हॉकी टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम इस टूर्नामेंट में अच्छे प्रदर्शन के इरादे से उतरेगी। टीम ने इस साल नेशंस कप में शानदार खेल दिखाते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीते और खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने प्रो लीग में भी जगह बनाई। इसके अलावा विश्व कप क्वालीफायर में भी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। टीम की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए घरेलू मैदान पर पदक जीतने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

भोपाल में पहली बार होगी एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी, 19 नवंबर से 6 देशों के बीच महामुकाबला; सलीमा टेटे संभालेंगी भारत की कमान

जानिए भारतीय टीम का पूरा मैच शेड्यूल

भारतीय टीम लीग स्टेज में पांच मुकाबले खेलेगी। हर मैच टीम के लिए सेमीफाइनल की राह आसान बनाने के लिहाज से अहम होगा।

भारत के मैचों की तारीखें:

  • 19 नवंबर: भारत vs मलेशिया

  • 21 नवंबर: भारत vs साउथ कोरिया

  • 22 नवंबर: भारत vs थाईलैंड

  • 24 नवंबर: भारत vs चीन

  • 25 नवंबर: भारत vs जापान

 27 नवंबर को सेमीफाइनल, 28 को फाइनल

टूर्नामेंट के लीग मुकाबले 19 से 25 नवंबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 27 नवंबर को होंगे, जबकि 28 नवंबर को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारतीय महिला हॉकी टीम अपने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी जीत पाती है या साउथ कोरिया और दूसरी टीमें उसके सामने चुनौती खड़ी करेंगी। भोपाल में अगले दस दिन हॉकी के रोमांच और रोमांचक मुकाबलों के नाम रहने वाले हैं।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts