छिंदवाड़ा में 3 शावकों के साथ दिखी मादा तेंदुआ, गांव में दहशत; वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव क्षेत्र के बेलखेड़ी गांव में मादा तेंदुआ अपने तीन शावकों के साथ दिखाई दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और वन विकास निगम की टीम ने निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों से जंगल, नदी किनारे और झाड़ियों वाले इलाकों में अकेले नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
छिंदवाड़ा में 3 शावकों के साथ दिखी मादा तेंदुआ, गांव में दहशत; वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
बेलखेड़ी गांव में 3 शावकों के साथ दिखी मादा तेंदुआ

छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव वन परिक्षेत्र से लगे बेलखेड़ी गांव में गुरुवार-शुक्रवार को मादा तेंदुआ अपने तीन शावकों के साथ दिखाई दी। रिहायशी और कृषि क्षेत्र के पास तेंदुआ परिवार की मौजूदगी से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और वन विकास निगम की टीम अलर्ट हो गई।

नदी किनारे गुफा के पास दिखा तेंदुआ परिवार

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7 बजे गांव के पास नदी किनारे स्थित एक गुफानुमा स्थान के आसपास मादा तेंदुआ अपने तीन छोटे शावकों के साथ नजर आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से शावक सुबह के समय गुफा से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।

किसानों और ग्रामीणों में बढ़ा डर

तेंदुए की मौजूदगी के कारण खेतों में काम करने जाने वाले किसानों और आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया।

Breaking News

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विकास निगम के डिप्टी रेंजर कुलदीप चौहान ने वन अमले को क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी रखने के निर्देश दिए। विभाग की टीम इलाके पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल, नदी किनारे और झाड़ियों वाले क्षेत्रों में अकेले न जाएं। बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें। यदि तेंदुआ दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे छेड़ने की कोशिश न करें और इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें।

शावकों की सुरक्षा में ज्यादा आक्रामक होती है मादा तेंदुआ

वन विभाग ने बताया कि अपने शावकों के साथ रहने वाली मादा तेंदुआ उनकी सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क और संवेदनशील होती है। ऐसे समय में किसी भी तरह की लापरवाही या उसके करीब जाने की कोशिश गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts