Share Market Today :सेंसेक्स 639 अंक उछला, निफ्टी भी 195 अंक चमका, इन सेक्टर्स ने संभाली कमान

नई दिल्ली। पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद सोमवार को शेयर बाजार ने जोरदार वापसी करते हुए निवेशकों को राहत दी। दिनभर उतार-चढ़ाव के बीच बाजार ने आखिर में मजबूती दिखाई और अच्छे खासे बढ़त के साथ बंद हुआ। BSE Sensex 639 अंकों की छलांग लगाकर 77,304 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 50 भी 195 अंक बढ़कर 24,093 के स्तर पर पहुंच गया।
किन सेक्टर्स ने दी बाजार को रफ्तार?
आज की तेजी में सबसे बड़ा योगदान ऑटो, IT, मेटल, मीडिया और फार्मा सेक्टर का रहा। इन सेक्टर्स में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, जिससे बाजार को ऊपर जाने में मदद मिली। फार्मा सेक्टर खास तौर पर चर्चा में रहा, जहां बड़े स्टॉक्स में तेजी देखने को मिली।
सन फार्मा बना दिन का स्टार
आज के कारोबार में सबसे ज्यादा सुर्खियां सन फार्मा ने बटोरीं। कंपनी के शेयर में करीब 6.83% की तेजी दर्ज की गई। इस उछाल की वजह कंपनी की बड़ी डील रही, जिसमें उसने अमेरिका की Organon & Co. को खरीदने का ऐलान किया है। यह डील करीब 11.75 बिलियन डॉलर यानी 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की बताई जा रही है, और इसे पूरी तरह कैश में पूरा किया जाएगा।
एशियाई बाजारों का भी मिला सपोर्ट
भारतीय बाजार को एशियाई बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई बढ़त के साथ बंद हुए, जिससे ग्लोबल माहौल पॉजिटिव रहा। हालांकि हांगकांग का हैंगसेंग थोड़ा कमजोर जरूर रहा, लेकिन इसका असर भारतीय बाजार पर ज्यादा नहीं पड़ा।
अमेरिकी बाजार का मिला-जुला असर
पिछले कारोबारी दिन अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। डाउ जोन्स में हल्की गिरावट रही, जबकि नैस्डैक और S&P 500 में बढ़त दर्ज हुई। इसका असर भारतीय बाजार पर सीमित रहा, लेकिन ग्लोबल संकेत पूरी तरह निगेटिव भी नहीं थे।
कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाई चिंता
बाजार में तेजी के बीच एक चिंता का विषय भी बना हुआ है-कच्चे तेल की कीमतें। ब्रेंट क्रूड ऑयल 106 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इसकी बड़ी वजह Strait of Hormuz को लेकर बनी अनिश्चितता और तेल की मजबूत मांग मानी जा रही है।
पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद राहत
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को बाजार में भारी गिरावट आई थी। सेंसेक्स करीब 1000 अंक टूटकर 76,664 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी भी 275 अंक गिर गया था। ऐसे में सोमवार की तेजी ने निवेशकों को राहत दी है और बाजार में सकारात्मक माहौल बनाया है।




















