₹1 लाख की FD पर कितना मिलेगा ब्याज? जानिए इन सरकारी बैंकों का पूरा कैलकुलेशन

अगर आप शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव से बचना चाहते हैं और अपने पैसे को अपेक्षाकृत सुरक्षित विकल्प में रखना चाहते हैं, तो फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD एक विकल्प हो सकता है। सरकारी बैंकों की FD पर भी लोगों का भरोसा रहता है। अभी कुछ सरकारी बैंक 444 दिन की FD पर 6.45% से 6.75% तक ब्याज दे रहे हैं। लेकिन सवाल है कि अगर 444 दिन के लिए ₹20 हजार, ₹50 हजार या ₹1 लाख जमा किए जाएं तो मैच्योरिटी पर कुल कितनी रकम मिलेगी? आइए बैंक के हिसाब से समझते हैं।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में सबसे ज्यादा ब्याज
444 दिन की FD पर इस तुलना में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 6.75% ब्याज दे रहा है। इस दर पर ₹20 हजार जमा करने पर करीब ₹1,697 ब्याज मिलेगा और मैच्योरिटी पर करीब ₹21,697 मिलेंगे। अगर आप ₹50 हजार जमा करते हैं तो करीब ₹4,242 ब्याज मिलेगा और कुल रकम करीब ₹54,242 हो जाएगी। वहीं, ₹1 लाख की FD पर करीब ₹8,483 ब्याज के साथ मैच्योरिटी रकम करीब ₹1,08,483 हो सकती है।
PNB और Indian Overseas Bank पर 6.60% ब्याज
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) 444 दिन की FD पर 6.60% ब्याज दे रहे हैं।
- ₹20 हजार पर करीब ₹1,658 ब्याज, कुल ₹21,658
- ₹50 हजार पर करीब ₹4,144 ब्याज, कुल ₹54,144
- ₹1 लाख पर करीब ₹8,289 ब्याज, कुल ₹1,08,289
Canara Bank में 6.50% ब्याज
केनरा बैंक की 444 दिन की FD पर 6.50% ब्याज मिल रहा है। इस हिसाब से ₹20 हजार जमा करने पर करीब ₹1,632 ब्याज मिलेगा और कुल रकम करीब ₹21,632 हो सकती है। ₹50 हजार जमा करने पर करीब ₹4,080 ब्याज और कुल ₹54,080 मिलेंगे। वहीं ₹1 लाख पर करीब ₹8,159 ब्याज के साथ कुल रकम करीब ₹1,08,159 हो सकती है।
ये भी पढ़ें: सेंसेक्स 172 अंक टूटा, निफ्टी 33 अंक गिरकर 24219 पर बंद; बैंकिंग-मीडिया शेयरों में बिकवाली हावी
SBI और Bank of Baroda पर 6.45% ब्याज
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) 444 दिन की FD पर 6.45% ब्याज दे रहे हैं। SBI में यह FD अमृत वृष्टि के नाम से है, जबकि BOB में इसे BOB Square Drive Deposit Scheme कहा जाता है।
इस ब्याज दर पर:
- ₹20 हजार पर करीब ₹1,619 ब्याज, कुल ₹21,619
- ₹50 हजार पर करीब ₹4,047 ब्याज, कुल ₹54,047
- ₹1 लाख पर करीब ₹8,094 ब्याज, कुल ₹1,08,094
FD कराने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
FD का एक फायदा यह है कि आपको पहले से अंदाजा रहता है कि तय अवधि पूरी होने पर कितनी रकम मिल सकती है। हालांकि, सिर्फ ब्याज दर देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए। FD कराने से पहले समय से पहले पैसा निकालने पर मिलने वाला ब्याज, पेनल्टी, ब्याज की गणना और टैक्स से जुड़े नियम जरूर जांच लें। साथ ही, बैंक की मौजूदा ब्याज दर और FD की शर्तें भी चेक करना जरूरी है, क्योंकि ये समय के साथ बदल सकती हैं।




















