शरद पवार को अस्पताल से मिली छुट्टी, घर पर जारी रहेगा इलाज; ब्रोंकाइटिस और सीने में संक्रमण से थे परेशान

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख और राज्यसभा सांसद शरद पवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार, अब उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा।
ब्रोंकाइटिस के अटैक और सीने में संक्रमण की शिकायत
डॉक्टर प्रतीत समदानी के मुताबिक, शरद पवार को ब्रोंकाइटिस का अटैक आया था। इसके साथ ही उनके सीने में संक्रमण भी हो गया था। हालांकि, इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। उन्हें घर पर आराम करने और सामान्य सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। डॉक्टर ने बताया कि शरद पवार की उम्र को देखते हुए कुछ अतिरिक्त निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पवार अनुशासित हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि वे अपना ध्यान अच्छी तरह रखेंगे।
2 नवंबर को बिगड़ी थी तबीयत
बता दें कि शरद पवार की तबीयत 2 नवंबर को पुणे में बिगड़ गई थी। उन्हें खांसी और सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। वहां शुरुआती जांच और निगरानी के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर दी थी जानकारी
शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने उनके स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि उनके पिता की हालत पहले से बेहतर है और वे पुणे से मुंबई के लिए रवाना हो रहे हैं। सुप्रिया सुले ने रूबी हॉल क्लिनिक की मेडिकल टीम का आभार जताते हुए शुभकामनाओं के लिए लोगों को धन्यवाद भी दिया था।




















