अयोध्या में दीपोत्सव की ऐसी भव्य तैयारी, 33 लाख दीयों से जगमगाएंगे 56 घाट, आसमान में दिखेगी रामायण की झलक

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या एक बार फिर रोशनी और भक्ति के रंग में रंगने जा रही है। दीपावली से पहले यहां दसवें दीपोत्सव की तैयारियां अपने आखिरी दौर में पहुंच गई हैं। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और सुंदर फूलों से सजाया गया है। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर परिसर और आंगन तक हर जगह उत्सव की झलक दिखाई दे रही है। शनिवार शाम होने वाले मुख्य कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी इस खास मौके पर मौजूद रहेंगे। इस बार दीपों की संख्या के साथ तकनीक का नया रंग भी देखने को मिलेगा।
33 लाख दीयों से रोशन होंगे सरयू के 56 घाट
इस साल दीपोत्सव में सबसे बड़ा आकर्षण सरयू नदी के किनारे बने 56 घाट होंगे। यहां करीब 33 लाख मिट्टी के दीये जलाने की तैयारी की गई है। पिछले साल अयोध्या में 26 लाख 17 हजार से ज्यादा दीये जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था। इस बार उससे भी बड़ा रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए करीब 35 हजार स्वयंसेवक लगातार काम कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्र शामिल हैं। स्वयंसेवक अलग-अलग घाटों पर पहुंचकर दीयों को सही तरीके से सजा रहे हैं।
फूलों और रोशनी से सजा राम मंदिर
दीपोत्सव से पहले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की सुंदरता देखते ही बन रही है। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार, आंगन और रामलला तक जाने वाले रास्ते को फूलों से सजाया गया है। परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर खास फूलों की सजावट की गई है। इसके साथ ही मंदिर को रंगीन लाइटों से रोशन किया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं। शाम होते ही मंदिर की रोशनी लोगों का ध्यान खींच रही है।
2100 ड्रोन आसमान में दिखाएंगे रामायण
इस बार दीपोत्सव में 2,100 ड्रोन का खास शो आयोजित किया जाएगा। ड्रोन की मदद से आसमान में रामायण के अलग-अलग प्रसंग और भगवान राम से जुड़ी आकृतियां दिखाई जाएंगी। इसके अलावा राम की पैड़ी पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो भी होगा। रोशनी और संगीत के जरिए रामायण की कहानी दिखाई जाएगी। यह खास शो 7 और 9 नवंबर को देखने को मिलेगा।
2100 बटुक करेंगे सरयू की महाआरती
दीपोत्सव में धार्मिक कार्यक्रमों को भी खास जगह दी गई है। सरयू नदी के नया घाट पर 2,100 बटुक एक साथ महाआरती करेंगे। इसके अलावा अयोध्या के 240 से ज्यादा मंदिरों और मठों में भी दीप जलाए जाएंगे। इस आयोजन में देश के 13 राज्यों के कलाकार रामायण पर आधारित झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। करीब दो हजार कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से उत्सव को खास बनाएंगे।
दोपहर से शुरू होंगे मुख्य कार्यक्रम
शनिवार सुबह 10 बजे साकेत महाविद्यालय से रामायण पर आधारित शोभायात्रा निकलेगी, जो दोपहर 2 बजे रामकथा पार्क पहुंचेगी। दोपहर करीब 2:30 बजे उपराष्ट्रपति अयोध्या पहुंचेंगे और राम मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूप पुष्पक विमान के रूप में तैयार हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क पहुंचेंगे। यहां भरत मिलाप और भगवान राम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा। शाम 5:35 बजे सरयू आरती और 6 बजे दीप जलाने का कार्यक्रम शुरू होगा। इसके बाद लेजर और ड्रोन शो होगा। रात 7:40 बजे संगीत के साथ हरित आतिशबाजी की जाएगी।
ट्रंप की हत्या करने पहुंचा था वेनेजुएला का शख्स! चोरी की कार से AR-15 राइफल समेत कई हथियार बरामद
पर्यटकों के लिए भी बढ़ीं सुविधाएं
इस बार अयोध्या आने वाले पर्यटकों के लिए कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। सरयू तट पर नए घाट, एम्फीथिएटर, फूड कोर्ट और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनाए गए हैं। राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट भी तैयार किए गए हैं। गुप्तार घाट को भी नया रूप दिया गया है। इसके साथ उधैला झील में पर्यटकों के लिए इको टूरिज्म की सुविधा विकसित की जा रही है।




















