Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गाजियाबाद में मकान का लेंटर गिरा, मलबे में दबे 6 मजदूर

गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित सीकरी खुर्द गांव में मकान का लेंटर गिरने से छह लोग मलबे में दब गए। हादसे में एक की मौत और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
गाजियाबाद में मकान का लेंटर गिरा, मलबे में दबे 6 मजदूर
गाजियाबाद में बड़ा हादसा: मकान का लेंटर गिरने से एक की मौत, 5 की हालत गंभीर

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मोदीनगर के सीकरी खुर्द गांव में निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक गिर गया। इस हादसे में वहां काम कर रहे छह लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी छह लोगों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

लेंटर डालते समय अचानक हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे सीकरी खुर्द गांव में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। वहां लेंटर डालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक मकान का लेंटर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। छत का पूरा हिस्सा गिरने से वहां काम कर रहे छह लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। लेंटर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। आवाज सुनते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस और NDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया। लेंटर गिरने से वहां सरिये और भारी मलबा फैल गया था। सरिये फंसे होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी आई। रेस्क्यू टीम ने गैस कटर की मदद से मलबे में फंसे सरियों को काटा। इसके बाद एक-एक करके सभी छह लोगों को बाहर निकाला गया। बचाव अभियान के दौरान गांव के लोग भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग करते दिखाई दिए।

इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत, पांच की हालत गंभीर

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी छह घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल पांच अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है। इस हादसे के बाद सीकरी खुर्द गांव में दुख का माहौल है। अचानक हुए इस हादसे से गांव के लोग सदमे में हैं। निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरने से हुई इस घटना ने एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts