गाजियाबाद पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, टूटे शीशे-दीवार में आई दरार; डिलीवरी बॉय घायल

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात जोरदार धमाका हुआ। दो शीशे टूटे, दीवार में दरार आई और डिलीवरी बॉय घायल हो गया। पुलिस जांच में जुटी है।
गाजियाबाद पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, टूटे शीशे-दीवार में आई दरार; डिलीवरी बॉय घायल

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर शुक्रवार रात अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि चौकी के दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में भी हल्की दरार आ गई। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद एक डिलीवरी बॉय कांच के टुकड़े लगने से घायल हो गया। धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस, फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता मामले की जांच कर रहे हैं।

रात करीब 9 बजे हुआ धमाका, चौकी में मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुई। धमाका चौकी के पीछे उस जगह हुआ, जहां कबाड़ गाड़ियां पार्क की जाती हैं। उस समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे। वहीं, एक डिलीवरी बॉय भी सामान पहुंचाने आया हुआ था। धमाके के बाद चौकी के दो खिड़कियों के शीशे टूटकर बिखर गए। कांच के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चौकी की एक दीवार में भी हल्की दरार आ गई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सैंपल, आगरा भेजे गए

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और सैंपल जुटाए, जिन्हें जांच के लिए आगरा भेजा गया है। इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्या ने बताया कि धमाका किस चीज से हुआ, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति नियंत्रण में है।

AC कंप्रेसर फटने की आशंका भी नहीं, बढ़ाया जांच का दायरा

गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में धमाका AC के कंप्रेसर के फटने से हुआ नहीं लग रहा है। ऐसे में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआती जांच में धमाके की प्रकृति और इसमें इस्तेमाल सामग्री का पता नहीं चल सका। पुलिस, फोरेंसिक टीम और इंटेलिजेंस विंग के अधिकारी अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रहे हैं।

Breaking News

घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरे नहीं, जांच में चुनौती

वसुंधरा पुलिस चौकी के दोनों तरफ सड़क है, जो इंदिरापुरम और गाजियाबाद को जोड़ती है। इसके ऊपर दिल्ली से राजनगर की ओर जाने वाला एलिवेटेड रोड भी है। इस वजह से यह इलाका लगातार आवाजाही वाला क्षेत्र है। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल के आसपास कोई CCTV कैमरा मौजूद नहीं है। चौकी के मुख्य गेट पर लगे CCTV कैमरे में घटना से जुड़ी कोई गतिविधि रिकॉर्ड हुई है या नहीं, इसकी भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस के लिए धमाके से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाना चुनौती बना हुआ है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts