पार्किंग विवाद में पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी ने 15 राउंड फायरिंग की

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुआ विवाद हत्या में बदल गया। सेक्टर-21C में शुक्रवार रात पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी परमजीत धनखड़ की उनके पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहन शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायर किए। इनमें से 9 गोलियां परमजीत को लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। परमजीत धनखड़ टेक महिंद्रा के एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में रीजनल बिजनेस हेड रह चुके थे। वह सिंगापुर में रहते थे और फिलहाल वियतनाम मुख्यालय वाली FPT Software Company Limited में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थे।
पार्किंग और कुत्ते को लेकर कई दिनों से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, परमजीत और आरोपी मोहन शर्मा का परिवार एक ही चार मंजिला इमारत में रहता है। परमजीत ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे, जबकि आरोपी दूसरी मंजिल पर रहता था। दोनों परिवारों के बीच कई दिनों से पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा आरोपी के बेटे पर आरोप है कि वह अपने कुत्ते को पार्किंग एरिया में शौच कराता था। इस बात पर परमजीत का परिवार लगातार आपत्ति जता रहा था। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। घटना से 4-5 दिन पहले भी दोनों पक्षों में बहस हुई थी।
घर से बाहर बुलाकर की ताबड़तोड़ फायरिंग
शुक्रवार रात एक बार फिर गाड़ी की पार्किंग को लेकर परमजीत और मोहन शर्मा के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद मोहन ने परमजीत को घर से बाहर बुलाया और अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर कई गोलियां चला दीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिनमें 9 गोलियां परमजीत को लगीं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
भतीजे की शादी में शामिल होने आए थे फरीदाबाद
परमजीत काम के सिलसिले में अक्सर सिंगापुर आते-जाते रहते थे। पुलिस के मुताबिक, वह 5 नवंबर को फरीदाबाद लौटे थे। उन्हें 24 नवंबर को होने वाली अपने भतीजे की शादी में शामिल होना था। गोलीबारी की सूचना मिलते ही जिला पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए गए। परमजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेजा गया।
हत्या का केस दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
परमजीत के बेटे शौर्य धनखड़ की शिकायत पर शनिवार को सूरजकुंड थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) यानी हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है। फरीदाबाद पुलिस के PRO यशपाल यादव के मुताबिक, वारदात के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं और तलाश जारी है।




















