नोएल टाटा वोल्टास के चेयरमैन पद से होंगे रिटायर, सुनील डिसूजा संभालेंगे कमान; जयंत बालन नए MD नियुक्त

मुंबई। टाटा ग्रुप की कूलिंग प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी वोल्टास में नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। कंपनी के चेयरमैन और डायरेक्टर नोएल एन टाटा 11 नवंबर 2026 को अपने पद से रिटायर होंगे। 70 साल की उम्र पूरी होने के कारण टाटा ग्रुप की रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत उन्होंने यह फैसला लिया है। उनके रिटायरमेंट के बाद 12 नवंबर से सुनील डिसूजा कंपनी के नए चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, जयंत बालन को कंपनी का नया मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) नियुक्त किया गया है। कंपनी के बोर्ड ने नोएल टाटा को 12 नवंबर 2026 से चेयरमैन एमेरिटस यानी मानद चेयरमैन बनाने का फैसला किया है। नोएल टाटा साल 2003 से वोल्टास से जुड़े हुए हैं और उन्होंने 2017 में कंपनी के चेयरमैन का पद संभाला था।
सुनील डिसूजा होंगे वोल्टास के नए चेयरमैन
वोल्टास के बोर्ड ने टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TCPL) के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO सुनील डिसूजा को कंपनी का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। वह 12 नवंबर 2026 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। सुनील डिसूजा की अगुवाई में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स नमक, चाय, कॉफी, पैकेज्ड फूड और बेवरेज के कारोबार में काम कर रही है। कंपनी के प्रमुख ब्रांड्स में टाटा साल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा सम्पन्न शामिल हैं।
70 साल की उम्र में रिटायर होंगे नोएल टाटा
नोएल टाटा का जन्म 12 नवंबर 1956 को हुआ था। 12 नवंबर 2026 को वह 70 साल के हो जाएंगे। टाटा ग्रुप की कॉर्पोरेट गवर्नेंस पॉलिसी के अनुसार, नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स 70 साल की उम्र पूरी होने पर रिटायर होते हैं। इसी नीति के तहत नोएल टाटा कुछ महीने पहले टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट के चेयरमैन पद से भी हट चुके हैं। इसके अलावा वह इस साल के अंत तक टाइटन, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन, टाटा स्टील और टाटा इंटरनेशनल के बोर्ड से भी रिटायर होने वाले हैं।
जयंत बालन 5 साल तक संभालेंगे MD की जिम्मेदारी
वोल्टास के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर सीपी मुकुंदन मेनन का कार्यकाल 24 मई 2027 को समाप्त होगा। टाटा ग्रुप की रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत वह भी रिटायर होंगे। कंपनी के बोर्ड ने जयंत बालन को 25 मई 2027 से पांच साल के कार्यकाल के लिए एडिशनल डायरेक्टर और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी है। हालांकि, उनकी नियुक्ति शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के अधीन होगी। जयंत बालन फिलहाल वोल्टास के रूम एयर कंडीशनर बिजनेस के हेड हैं। नई जिम्मेदारी संभालने तक उन्हें 'हेड-रूम एयर कंडीशनर बिजनेस एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डेजिग्नेट' का पद दिया गया है।
वेंकटेशलू पलानीस्वामी भी बोर्ड में शामिल होंगे
वोल्टास के बोर्ड ने वेंकटेशलू पलानीस्वामी को 12 नवंबर 2026 से एडिशनल डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी है। उन्हें नॉन-इंडिपेंडेंट और नॉन-एग्जीक्यूटिव कैटेगरी में नियुक्त किया गया है।
क्या होता है चेयरमैन एमेरिटस का पद?
चेयरमैन एमेरिटस कंपनी की ओर से किसी अनुभवी और वरिष्ठ चेयरमैन को दिया जाने वाला मानद पद होता है। यह सम्मान उनके लंबे अनुभव, योगदान और नेतृत्व के लिए दिया जाता है। इस पद पर रहने वाला व्यक्ति कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज में सीधे शामिल नहीं होता, लेकिन जरूरत पड़ने पर अपने अनुभव और सुझावों के जरिए कंपनी को मार्गदर्शन दे सकता है।
मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप का बड़ा फेरबदल, सुसी वाइल्स की जगह स्टीफन मिलर को सौंपी कमान
क्या कहता है कंपनीज एक्ट 2013?
कंपनीज एक्ट 2013 के प्रावधानों के मुताबिक, 70 साल या उससे अधिक उम्र के व्यक्ति को मैनेजिंग डायरेक्टर या होल-टाइम डायरेक्टर के पद पर नियुक्त करने या बनाए रखने के लिए शेयरहोल्डर्स की विशेष मंजूरी जरूरी होती है। टाटा ग्रुप की अपनी कॉर्पोरेट गवर्नेंस पॉलिसी भी वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियों और रिटायरमेंट के लिए उम्र संबंधी नियम तय करती है।



















