Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिवनी के केवलारी में दर्दनाक सड़क हादसा,तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर; एक युवक की मौत

सिवनी के केवलारी में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पढ़ें पूरी खबर।
Follow on Google News
तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर; एक युवक की मौत
सिवननी के केवलारी में एक दर्दनाक सड़क हादसा

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केवलारी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

केटरिंग का काम खत्म कर लौट रहे थे दोनों युवक

जानकारी के मुताबिक केवलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सरेखा निवासी निहाल साहू और अरविंद साहू शनिवार रात बोथिया गांव से केटरिंग का काम खत्म करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे। दोनों युवक केवलारी-मंडला मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने निहाल को मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलते ही केवलारी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को केवलारी सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने निहाल साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं अरविंद साहू की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद मातम का माहौल बना हुआ है।

Breaking News

पुलिस ने शुरू की जांच

केवलारी पुलिस ने मृतक निहाल साहू के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे के बाद फरार हुए वाहन और चालक तक पहुंचा जा सके।

ये भी पढ़ें: भोपाल: करंट लगने से युवक की मौत, मोटर का तार लगाते समय हुआ हादसा

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार हो सकती है। केवलारी-मंडला मार्ग पर अक्सर तेज गति से वाहन गुजरते हैं, जिसकी वजह से यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है। ऐसे में कई बार तेज रफ्तार वाहन छोटे वाहनों के लिए खतरा बन जाते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं गांव में निहाल साहू की मौत के बाद शोक का माहौल है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts