PlayBreaking News

सिवनी में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही :करंट की चपेट में आने से 2 गाय की मौत, बाल- बाल बचे लोग

जिस मार्ग पर यह घटना हुई, वहां से प्रतिदिन एमएलबी स्कूल, उत्कृष्ट विद्यालय और पीजी कॉलेज के हजारों छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। सुबह से शाम तक इस सड़क पर विद्यार्थियों की भारी आवाजाही बनी रहती है।
Follow on Google News
करंट की चपेट में आने से 2 गाय की मौत, बाल- बाल बचे लोग

सिवनी। जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त और लोकप्रिय मार्गों में शामिल दलसागर तालाब चौपाटी क्षेत्र में गुरुवार को एक गंभीर हादसा सामने आया। दलसागर तालाब के सामने स्थित एक बिजली के खंभे में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से दो गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह सिवनी शहर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग दलसागर के वाटर शो और चौपाटी का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे भीड़भाड़ वाले इलाके में बिजली के खंभे में करंट का बहना किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण देने जैसा था।

आम लोग भी बन सकते थे हादसे का शिकार

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति का पता नहीं चलता तो कोई भी राहगीर, बच्चा या बुजुर्ग इसकी चपेट में आ सकता था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति प्रभावित नहीं हुआ, अन्यथा यह घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण दो बेजुबान पशुओं को अपनी जान गंवानी पड़ी। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर लगे बिजली के खंभों और तारों की नियमित जांच नहीं होने से ऐसे हादसे बार-बार सामने आते हैं।

यह भी पढ़ें: इंदौर में तीसरी मंजिल से गिरी NEET छात्रा : इलाज के दौरान मौत, दोबारा एग्जाम को लेकर तनाव में थी

छात्रों का भी रहता है लगातार आवागमन

जिस मार्ग पर यह घटना हुई, वहां से प्रतिदिन एमएलबी स्कूल, उत्कृष्ट विद्यालय और पीजी कॉलेज के हजारों छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। सुबह से शाम तक इस सड़क पर विद्यार्थियों की भारी आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में बिजली के खंभे में करंट का बहना किसी भी समय बड़ी जनहानि का कारण बन सकता था।

प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा शहर के सभी बिजली खंभों और विद्युत व्यवस्थाओं का तत्काल निरीक्षण कराया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

Breaking News

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो अगली बार किसी इंसान की जान भी जा सकती है। फिलहाल दो गायों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी व्याप्त है।

Aakash Waghmare
By Aakash Waghmare

आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts