Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में टाइगर की दहशत! जहांगीरपुरा में बकरी का शिकार, धवोटी-धामनखेड़ा मार्ग पर फिर दिखा बाघ

सीहोर में टाइगर की दहशत बढ़ी, जहांगीरपुरा में बकरी का शिकार और धवोटी-धामनखेड़ा मार्ग पर दिखने की सूचना। वन विभाग ने मुनादी कर जंगल न जाने की चेतावनी दी।
सीहोर में टाइगर की दहशत! जहांगीरपुरा में बकरी का शिकार, धवोटी-धामनखेड़ा मार्ग पर फिर दिखा बाघ
वन्य प्राणी दिखे तो फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें

सीहोर। जिले में टाइगर की मौजूदगी की लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीण इलाकों में दहशत बढ़ती जा रही है। शाहगंज क्षेत्र में हाईवे पर टाइगर के घूमते दिखाई देने के एक दिन बाद अब जहांगीरपुरा में बकरी का शिकार और धवोटी-धामनखेड़ा मार्ग पर हिंसक वन्य प्राणी के दिखाई देने की सूचना ने चिंता और बढ़ा दी है।

सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसे कोनाझिर और कालापहाड़ क्षेत्र का बताया जा रहा है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच वन विभाग ने ग्रामीणों को अलर्ट करते हुए जंगल की ओर नहीं जाने और मवेशियों को वन क्षेत्र में नहीं भेजने की चेतावनी दी है।

शाहगंज हाईवे के बाद दूसरी घटना ने बढ़ाई चिंता

एक दिन पहले शाहगंज क्षेत्र में हाईवे पर टाइगर घूमता हुआ दिखाई देने की सूचना सामने आई थी। इसके बाद अब जहांगीरपुरा में बकरी के शिकार की घटना और धवोटी-धामनखेड़ा मार्ग पर हिंसक वन्य प्राणी दिखाई देने की खबर सामने आई है। लगातार दो क्षेत्रों से सामने आई इन घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वन्य प्राणी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जहांगीरपुरा में बकरी का शिकार, ग्रामीणों में दहशत

बीती रात जहांगीरपुरा क्षेत्र में एक हिंसक वन्य प्राणी ने ग्रामीण की बकरी पर हमला कर उसका शिकार कर लिया। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि आसपास के वन क्षेत्र में हिंसक वन्य प्राणी की आवाजाही हो सकती है। इसके चलते रात के समय लोगों ने अतिरिक्त सावधानी बरतना शुरू कर दिया है।

भोपाल की लोअर लेक में रोज पहुंच रहा 80 लाख लीटर सीवेज, एनजीटी में सुनवाई; 37 नाले किए बंद

धवोटी-धामनखेड़ा मार्ग पर फिर दिखा वन्य प्राणी

इसी बीच धवोटी से धामनखेड़ा मार्ग पर आज फिर हिंसक वन्य प्राणी दिखाई देने की सूचना सामने आई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की बात कही जा रही है। वीडियो को कोनाझिर और कालापहाड़ क्षेत्र का बताया जा रहा है। मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, राहगीरों और ड्यूटी पर जाने वाले शिक्षकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

वन विभाग ने लाउडस्पीकर से कराई मुनादी

घटनाओं की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला सक्रिय हुआ और प्रभावित क्षेत्र में लाउडस्पीकर से मुनादी कर ग्रामीणों को सावधान किया। ग्रामीणों से कहा गया कि कोई भी व्यक्ति अकेले जंगल की ओर न जाए। साथ ही अपने पालतू मवेशियों को चरने के लिए वन क्षेत्र में नहीं भेजें।

वन्य प्राणी दिखे तो फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें

वन विभाग ने ग्रामीणों को साफ हिदायत दी है कि यदि कोई हिंसक वन्य प्राणी दिखाई देता है तो उसके करीब जाने या फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें। विभाग के अनुसार ऐसा करने से वन्य प्राणी आक्रामक हो सकता है और स्थिति गंभीर हो सकती है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की गई है।

डिप्टी रेंजर ने कहा- सूचना मिलते ही विभाग को बताएं

वन विभाग के डिप्टी रेंजर विजय कसौटिया ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना विभाग को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वन्य प्राणी दिखाई देने पर लोग उसका पीछा न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है तथा जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

राहगीरों और शिक्षकों के लिए भी अलर्ट

धवोटी-धामनखेड़ा मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों से कहा गया है कि रात में अनावश्यक रूप से जंगल या सुनसान क्षेत्रों की ओर जाने से बचें और अकेले आवाजाही न करें।

इंदौर में नकली पट्टाकांड :₹20 हजार और पुराने केस! हीरानगर TI सुशील पटेल पर गिरी गाज

वन विभाग की सक्रियता बढ़ी

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। विभाग ग्रामीणों को लगातार जागरूक कर रहा है। फिलहाल लोगों से संयम बनाए रखने, अफवाहों से बचने और वन्य प्राणी से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल वन विभाग तक पहुंचाने की अपील की गई है।

EDIT BY: ADITI RAWAT

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts