Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कुबेरेश्वरधाम कांवड़ यात्रा को लेकर बदला ट्रैफिक रूट, 23 से 25 अगस्त तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

कुबेरेश्वरधाम कांवड़ यात्रा को लेकर 23 से 25 अगस्त तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। 25 अगस्त को सीवन तट से यात्रा निकलेगी, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
Follow on Google News
रविवार से तीन दिन बड़े वाहनों की नो-एंट्री, प्रशासन ने जारी किया डायवर्सन प्लान

सीहोर। सावन के अंतिम सोमवार और 25 अगस्त को सीवन नदी के पावन तट से कुबेरेश्वरधाम तक निकलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा इस बार आस्था, भक्ति और श्रद्धा का विराट महासंगम बनने जा रही है। पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में निकलने वाली इस यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने 23 अगस्त सुबह 6 बजे से 25 अगस्त की रात 12 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।

भोपाल-इंदौर हाईवे पर तीन दिन बदला रहेगा यातायात

कांवड़ यात्रा को देखते हुए भोपाल-इंदौर हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। भोपाल से देवास और इंदौर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को परवलिया थाना क्षेत्र के मुबारकपुर जोड़ और खजूरी थाना क्षेत्र के तुमड़ा जोड़ से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा, शाजापुर और मक्सी होते हुए देवास-इंदौर पहुंचेंगे। इससे भारी वाहनों को करीब 80 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।

छोटे वाहनों को भाऊखेड़ी जोड़ से मिलेगा रास्ता

कार, बस और अन्य छोटे यात्री वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। भोपाल से आष्टा, देवास, उज्जैन और इंदौर जाने वाले वाहनों को सीहोर के न्यू क्रिसेंट चौराहे से भाऊखेड़ी जोड़ और अमलाहा होते हुए आष्टा-इंदौर मार्ग पर भेजा जाएगा। इस डायवर्जन से छोटे वाहनों को करीब 9 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा।

इंदौर से भोपाल आने वालों को भी करना होगा डायवर्जन का पालन

इंदौर, उज्जैन और देवास की ओर से भोपाल जाने वाले छोटे वाहनों को आष्टा से अमलाहा, भाऊखेड़ी जोड़ और न्यू क्रिसेंट चौराहे के रास्ते भोपाल भेजा जाएगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल करें, ताकि भीड़ और जाम की स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।

शहर के भीतर भी आवाजाही होगी चुनौतीपूर्ण

कांवड़ यात्रा के साथ सीहोर शहर की अंदरूनी सड़कों पर चल रहे निर्माण कार्य भी श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा सकते हैं। इंदौर नाका से तहसील चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन जाने वाला मुख्य मार्ग बकरी पुल निर्माण के कारण बंद रहेगा। ऐसे में शहर में आने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।

रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं के लिए दो रास्ते

ट्रेन से सीहोर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने दो विकल्प बताए हैं। पहला और अपेक्षाकृत सुविधाजनक मार्ग मछली पुल से कोतवाली चौराहा होते हुए नदी चौराहा है। दूसरा रास्ता तहसील चौराहा से मनकामेश्वर मंदिर होते हुए नदी चौराहा पहुंचने का है, लेकिन यहां निर्माण कार्य के कारण आवाजाही कठिन रहने की संभावना है।

11 किलोमीटर तक गूंजेंगे हर-हर महादेव के जयकारे

25 अगस्त को सीवन नदी से जल लेकर कांवड़िए करीब 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए कुबेरेश्वरधाम पहुंचेंगे। भगवा ध्वजों से सजा पूरा मार्ग शिवभक्ति में डूबा नजर आएगा। बारिश हो या धूप, कांवड़िए कंधों पर कांवड़ उठाए भगवान शिव का नाम लेते हुए आगे बढ़ेंगे। ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।

पंडित प्रदीप मिश्रा खुद उठाएंगे कांवड़

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा के अनुसार 25 अगस्त की यात्रा का प्रमुख आकर्षण पंडित प्रदीप मिश्रा का स्वयं कांवड़ लेकर पैदल चलना रहेगा। उनके यात्रा में शामिल होने की खबर से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। सीवन नदी से जल लेकर वे भी कांवड़ियों के साथ कुबेरेश्वरधाम की ओर बढ़ेंगे।

300 से अधिक मंचों पर भंडारा और सेवा

कांवड़ यात्रा के करीब 11 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा 300 से अधिक सेवा मंच लगाए जाएंगे। इन मंचों पर श्रद्धालुओं के लिए पानी, चाय, जलपान और भंडारे की व्यवस्था रहेगी। हजारों कांवड़ियों की सेवा के लिए स्थानीय लोग भी पूरे उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हैं।

हेलीकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा, झांकियां बढ़ाएंगी आकर्षण

यात्रा में आठ भव्य झांकियां शामिल होंगी। दो प्रमुख भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे। पिछले वर्षों की परंपरा के अनुसार यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की तैयारी भी की गई है। सीवन तट से धाम तक हर कदम पर भक्ति और उत्सव का अद्भुत दृश्य दिखाई देने की उम्मीद है।

1100 से 1200 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले में करीब 1100 से 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। अशोकनगर, गुना और ग्वालियर से करीब 800 पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त बल मिला है, जबकि स्थानीय स्तर पर 300 से 400 जवान तैनात रहेंगे। नदी, घाट, विसर्जन स्थलों और भीड़ वाले प्रमुख क्षेत्रों में विशेष पुलिस बल लगाया जाएगा।

600 वॉलेंटियर्स भी संभालेंगे श्रद्धालुओं की व्यवस्था

कुबेरेश्वरधाम समिति के करीब 600 वॉलेंटियर्स भी प्रशासन के साथ व्यवस्था संभालेंगे। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को रास्ता बताने, भीड़ को नियंत्रित करने, सेवा केंद्रों पर सहयोग करने और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बड़ी भीड़ के बीच प्रशासन और स्वयंसेवकों का समन्वय व्यवस्था की सबसे बड़ी चुनौती होगी।

यह भी देखें: सीहोर: जाफराबाद को मिली 1.39 करोड़ की सौगात, नए हाईस्कूल भवन का हुआ लोकार्पण

रविवार से ही बढ़ेगा श्रद्धालुओं का दबाव

23 अगस्त रविवार होने के कारण डोलियों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना है। इसके बाद 24 अगस्त सोमवार और 25 अगस्त मंगलवार को कांवड़ यात्रा के कारण सीहोर में भीड़ और बढ़ेगी। उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के यात्रा में शामिल होने से संख्या लाखों तक पहुंचने का अनुमान है।

प्रशासन की अपील-निर्धारित मार्ग से ही करें सफर

यातायात प्रभारी ब्रजमोहन धाकड़ ने बताया कि 23 अगस्त सुबह 6 बजे से 25 अगस्त रात 12 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

यह भी देखें: लखनऊ हत्याकांड: डरपोक था मानस या साइको किलर? मां-साली के दावों ने बढ़ाया सस्पेंस

आस्था की राह पर उमड़ेगा शिवभक्तों का सैलाब

कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हजारों-लाखों शिवभक्तों की आस्था, संकल्प और सेवा का पर्व बनने जा रही है। कंधों पर कांवड़, हाथों में भगवा ध्वज और होंठों पर भोलेनाथ का नाम लिए श्रद्धालु जब सीवन तट से कुबेरेश्वरधाम की ओर बढ़ेंगे तो पूरा मार्ग शिवमय हो उठेगा। हर कांवड़िए की मंजिल बाबा का दरबार और मन में एक ही भाव-‘जल चढ़ेगा भोलेनाथ को, आशीर्वाद मिलेगा पूरे परिवार को।’

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत्रि...Read More

Latest Posts