सीहोर:कांवड़ यात्रा पर प्रशासन सख्त, डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित; सीवन घाट से कुबेरेश्वर धाम तक सुरक्षा का अभेद्य प्लान

सीहोर। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने इस बार कोई भी चूक न होने देने का स्पष्ट संदेश दिया है। कलेक्टर बालागुरू के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने सभी विभागों की संयुक्त बैठक लेकर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, चिकित्सा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यात्रा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति डीजे लेकर पहुंचता है तो उसके विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सीवन नदी में किसी भी श्रद्धालु को उतरने की अनुमति नहीं होगी।
डीजे पर जीरो टॉलरेंस, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा की धार्मिक गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी व्यक्ति द्वारा प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
सीवन नदी में उतरने पर रोक, घाट पर रहेगा सुरक्षा घेरा
बैठक में सीवन नदी घाट की सुरक्षा को सबसे संवेदनशील विषय माना गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु को नदी में उतरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। घाट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, सुरक्षा कर्मी और बचाव दल तैनात रहेंगे। साथ ही बोट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
कुबेरेश्वर धाम तक ट्रैफिक का रहेगा विशेष प्लान
कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या नहीं आने दी जाए। इसके लिए अलग-अलग पार्किंग जोन विकसित किए जाएंगे तथा पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया जाएगा। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। साथ ही संकेतक बोर्ड, सूचना पट्ट और लगातार अनाउंसमेंट सिस्टम संचालित रखने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें: बाड़ी : हनुमान मंदिर तोड़ने के विरोध में नेशनल हाईवे जाम, 2 घंटे तक रुका आवागमन
स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष जोर
प्रशासन ने नगर पालिका सहित संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। कचरे का नियमित निष्पादन, पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, प्रवेश एवं निकास मार्गों का सुव्यवस्थित संचालन तथा चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं हर समय उपलब्ध रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सभी विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करे और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
ये भी पढ़ें: हरदा: कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने स्कूलों का किया निरीक्षण, पढ़ाई की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर कलेक्टर बृजेश सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुसार तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा कांवड़ यात्रा के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का लक्ष्य है कि सीवन नदी घाट से कुबेरेश्वर धाम तक पूरी यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न हो।
Edited By: Sumit Shrivastava












