हरदा:कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने स्कूलों का किया निरीक्षण, पढ़ाई की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हरदा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की समीक्षा की। इसके साथ ही ग्राम पानतलाई की उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर राशन वितरण और ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी भी ली।
हाई स्कूल पानतलाई में दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने हाई स्कूल पानतलाई का भ्रमण कर विद्यालय परिसर, कक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने विद्यालय के टॉयलेट की मरम्मत कराने और पेयजल की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की नियमित और संतोषजनक उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
प्राथमिक और मिडिल स्कूल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
प्राथमिक शाला दूधकच्छ में कलेक्टर ने बिजली की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को 'विद्या आसन अभियान' के तहत डेस्क उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उन्हें बेहतर पढ़ाई का वातावरण मिल सके। मिडिल स्कूल निमाचा कलां में उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर नया पेंट कराने, शैक्षणिक व्यवस्था सुदृढ़ रखने और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, व्यवस्था की जानकारी ली।
पीएम श्री कन्या स्कूल में स्मार्ट क्लास की समीक्षा
इसके बाद कलेक्टर ने पीएम श्री शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, टिमरनी का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए स्मार्ट क्लासों के संचालन और उनके प्रभावी उपयोग की जानकारी प्राप्त की। साथ ही शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
भोपाल चौक बाजार में लहंगे की दुकान में लगी आग, देर से पहुंची दमकल, आग से मची हड़कंप
राशन की दुकान का भी किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने ग्राम पानतलाई की उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, स्टॉक और अभिलेखों की जांच की। और पात्र उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम टिमरनी शैलेंद्र बडोनिया, जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह रघुवंशी, डीपीसी गरिमा टोप्पो सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Edited By: Rohit Sharma












