सीहोर: बुजुर्ग महिला की चेन झपटकर भागा बदमाश गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भोपाल से दबोचा; सोना और स्कूटी बरामद

सीहोर। शहर के इंग्लिशपुरा क्षेत्र में घर के सामने झाड़ू लगा रही 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए आरोपी तक आखिरकार कोतवाली पुलिस पहुंच गई। घटना के बाद इलाके में मची चिंता के बीच पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के सहारे आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब एक लाख रुपए कीमत की लूटी गई सोने की चेन बरामद की गई है। वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की स्कूटी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
घर के सामने झाड़ू लगा रही थीं बुजुर्ग महिला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 सितंबर को बसंती बाई पत्नी स्व. बाबूलाल गोस्वामी, उम्र 74 वर्ष, निवासी श्रवण का बगीचा, सीहोर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस को बताया था कि वह अपने घर के सामने झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी से एक व्यक्ति सिंधी कॉलोनी की तरफ से आया। उसका मुंह कपड़े से बंधा हुआ था।
ये भी पढ़ें: गुना में 100 यूनिट का लक्ष्य लेकर उतरा वन विभाग, वन कर्मचारी संघ ने लगाया रक्तदान शिविर
पता पूछने के बहाने आया और चेन झपट ले गया
जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला से संतोष शर्मा नाम के व्यक्ति का पता पूछा और इसी दौरान अचानक उनके गले में पहनी करीब एक तोला वजन की सोने की चेन पर झपट्टा मार दिया। चेन टूटते ही आरोपी स्कूटी लेकर फरार हो गया। शुरुआती घटना विवरण के मुताबिक आरोपी महिला के घर के सामने एक से अधिक बार आया था, जिससे पुलिस को उसकी गतिविधियों पर संदेह और मजबूत हुआ।
सीसीटीवी ने खोला वारदात का रास्ता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली गिरीश दुबे ने टीम गठित कर आरोपी और लूटे गए माल की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में सफेद रंग की स्कूटी क्रमांक MP04YX5371 संदिग्ध व्यक्ति के साथ दिखाई दी। पुलिस ने वाहन की जानकारी जुटाते हुए उसके मालिक तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार वाहन मालिक से पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय स्कूटी उसके भाई साजिल खान उर्फ बाबू द्वारा इस्तेमाल की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों की पड़ताल तेज कर दी।
ये भी पढ़ें: हरदा में अंधे कत्ल का खुलासा, ससुर-दामाद गिरफ्तार; अवैध संबंधों के शक में युवक की हत्या
भोपाल से पुलिस अभिरक्षा में लिया आरोपी
जांच के आधार पर पुलिस ने साजिल खान पिता मोहम्मद शकील, उम्र 25 वर्ष, निवासी लाल मस्जिद के पास, सीहोर को भोपाल से पुलिस अभिरक्षा में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर बुजुर्ग महिला से झपटी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब एक लाख रुपए कीमत की सोने की चेन बरामद की है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त सफेद स्कूटी MP04YX5371 को भी जब्त कर लिया गया। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ दी है। कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय सीहोर के समक्ष पेश किया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट तैयार किए जाने के बाद आरोपी को जेल दाखिल कर दिया गया।




















