हरदा में अंधे कत्ल का खुलासा, ससुर-दामाद गिरफ्तार; अवैध संबंधों के शक में युवक की हत्या

हरदा। जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र में 27 सितंबर को मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी रिश्ते में ससुर और दामाद हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह अवैध संबंधों को लेकर उपजा विवाद बताया गया है।
बड़झिरी-बोबदा रोड पर मिला था शव
27 सितंबर को वनग्राम बड़झिरी और बोबदा के बीच सड़क पर एक व्यक्ति का शव मिला था। फॉरेस्ट विभाग के बीट गार्ड ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रहटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 55/26, धारा 194 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास राहगीरों और अन्य लोगों से पूछताछ की। इसके बाद मृतक की पहचान ग्राम बंदीमालौर निवासी राजू कलम पिता रामबिलास के रूप में हुई। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ था केस
मर्ग जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध क्रमांक 413/26, धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और हत्या की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शशांक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा के निर्देशन में तथा रहटगांव थाना प्रभारी मनोज कुमार दुबे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने हत्या से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच की।
अवैध संबंधों को लेकर हत्या का खुलासा
विवेचना के दौरान पुलिस को हत्या के पीछे अवैध संबंधों से जुड़े विवाद की जानकारी मिली। संदेह के आधार पर पुलिस ने चुन्नीलाल परते (45), निवासी बंदीमालौर और उसके ससुर रतन परते (60), निवासी बांसपानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया। चुन्नीलाल ने बताया कि राजू कलम उसके ससुराल आया था और उसकी पत्नी से मिल रहा था। इसी बात को लेकर वह नाराज था। इसके बाद उसने अपने ससुर रतन परते के साथ मिलकर राजू की हत्या कर दी।
अनूपपुर में युवक ने परिवार के 4 लोगों पर किया हमला, नानी-नाना और मां समेत चार की मौत
मोटरसाइकिल से शव छोड़कर हुए फरार
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को मोटरसाइकिल से लेकर गए और बोबदा-बड़झिरी के बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज दुबे, उप निरीक्षक कौशल दीक्षित, प्रधान आरक्षक गजेंद्र यादव, प्रदीप रघुवंशी, आरक्षक महेंद्र, सोनू चोरे, महिला आरक्षक ललिता और अश्वनी सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।




















