गुना में 100 यूनिट का लक्ष्य लेकर उतरा वन विभाग, वन कर्मचारी संघ ने लगाया रक्तदान शिविर
गुना। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वन कर्मचारी संघ गुना के तत्वावधान में शुक्रवार को वन विभाग परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि रक्तदान अत्यंत सराहनीय सेवा कार्य है। जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में कई मरीजों को तत्काल रक्त की जरूरत होती है और ऐसे समय में ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वन विभाग ने रखा 100 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य
कलेक्टर कन्याल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 1 हजार रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों के माध्यम से अब तक लगभग 400 से 450 यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है। उन्होंने वन विभाग की टीम द्वारा 100 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य लेकर किए गए प्रयास की सराहना की।
ये भी पढ़ें: सांदीपनि विद्यालय के छात्रों को छिंदवाड़ा एफडीडीआई में प्रशिक्षण, कई ट्रेडों की मिली जानकारी
मुश्किल समय में प्रशासन और समाज की साझा जिम्मेदारी
कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल प्रशासन या किसी एक विभाग का अभियान नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने हाल ही में रात के समय एक बुजुर्ग महिला को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिन समय में जरूरतमंद तक तत्काल मदद पहुंचाना ही वास्तविक सेवा है।
स्वच्छता के साथ नागरिक भागीदारी पर जोर
कलेक्टर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि शहर भ्रमण के दौरान स्वच्छता, अतिक्रमण, थूकने और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की गई। नागरिकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि केवल शिकायत करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शहर को बेहतर बनाने की प्रक्रिया में खुद ऊक्रिय भागीदारी निभानी होगी।
बच्चों को बनाया स्वच्छता का संदेशवाहक
कलेक्टर ने बताया कि शहर भ्रमण के दौरान कई बच्चे स्वेच्छा से उनके साथ जुड़ गए। इन बच्चों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों ने लोगों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने और नगर पालिका की कचरा संग्रहण गाड़ी में ही कचरा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों में छोटी उम्र से स्वच्छता की आदत विकसित होगी तो वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
शिविर में रक्तदान करने वाले नागरिकों, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और अन्य सहभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डीएफओ अक्षय राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुमन सहित वन विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






















