दर्द में ‘भाईजान’:जिगरी दोस्त के निधन पर Salman Khan का छलका दर्द, इमोशनल पोस्ट ने फैंस को रुलाया

एंटरटेनमेंट डेस्क। जिंदगी में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जो खून के नहीं होते, लेकिन दिल के बेहद करीब होते हैं। बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान का उनके जिगरी दोस्त सुशील कुमार के साथ कुछ ऐसा ही रिश्ता था। लेकिन अब यह रिश्ता सिर्फ यादों में रह गया है। सुशील कुमार के निधन से सलमान खान दुखी हैं। एक्टर ने सोशल मीडिया पर लंबा और इमोशनल पोस्ट शेयर कर अपने दोस्त को श्रद्धांजलि दी, जिसे पढ़कर फैंस भी भावुक हो गए।
चार दशकों से भी ज्यादा पुरानी दोस्ती
सलमान खान और सुशील कुमार की दोस्ती कोई आम दोस्ती नहीं थी। यह रिश्ता 42 साल से भी ज्यादा पुराना था। सलमान ने अपने पोस्ट में लिखा कि सुशील उनके लिए सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि भाई थे। उन्होंने बताया कि, सुशील हमेशा उनके साथ खड़े रहे चाहे हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों।
सलमान ने सुशील के व्यक्तित्व का जिक्र करते हुए लिखा कि वे बेहद नेक, दयालु और मददगार इंसान थे। वह खुद चाहे कितनी भी परेशानी में हों, लेकिन दूसरों को हमेशा हिम्मत देते थे। आर्थिक, भावनात्मक या शारीरिक मुश्किलों के बावजूद उनका एक ही जवाब होता था- सब ठीक हो जाएगा।
यही वजह है कि सलमान के लिए उनका जाना सिर्फ एक दोस्त का खोना नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य को खोने जैसा है।
इमोशनल पोस्ट में छलका दर्द
सलमान खान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर सुशील कुमार को याद करते हुए एक लंबा पोस्ट लिखा। उन्होंने लिखा, यह इंसान पिछले 42 सालों से मेरा भाई रहा है… सबसे नेक, सबसे काइंड और सबसे मददगार।
सलमान ने आगे लिखा कि, सुशील ने जिंदगी को पूरी शिद्दत से जिया और हर मुश्किल का सामना मुस्कुराते हुए किया। उन्होंने अपने दोस्त को हेवीवेट चैंपियन बताया, जिसने मौत से भी बहादुरी से लड़ाई लड़ी।
सबसे खास बात यह रही कि सलमान ने अपने पोस्ट में कहा- भाई, तुम्हारे लिए कोई आंसू नहीं… सिर्फ यादें और हंसी है। यह लाइन उनके दर्द को और भी गहराई से बयां करती है। उन्होंने अपने दोस्त की जिंदगी को रोने के बजाय सेलिब्रेट करने की बात कही।
जिंदगी और मौत पर सलमान का नजरिया
दोस्त के जाने के बाद सलमान खान ने जिंदगी के बारे में भी कई गहरी बातें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि इस दुनिया में हर किसी को एक दिन जाना ही है कोई पहले, कोई बाद में। इसलिए जरूरी है कि इंसान ऐसा काम करके जाए, जिससे लोग उसे हमेशा याद रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि अच्छे लोगों को भगवान जल्दी बुला लेते हैं। अपने पोस्ट में सलमान ने मजाकिया अंदाज में भी कुछ बातें लिखीं, जिससे यह साफ होता है कि वह अपने दोस्त को उसी अंदाज में याद करना चाहते हैं, जैसा वह जीते थे खुश और बेफिक्र। उनका यह नजरिया फैंस को सोचने पर मजबूर करता है कि जिंदगी कितनी अनिश्चित है और इसे पूरी तरह जीना कितना जरूरी है।
तस्वीरों में दिखा दर्द और खालीपन
सलमान खान ने अपने पोस्ट के साथ कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें उनकी और सुशील कुमार की पुरानी यादें कैद हैं। एक तस्वीर में सलमान की आंखों में साफ दर्द और खालीपन नजर आ रहा है। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। फैंस ने कमेंट कर सलमान को हिम्मत रखने के लिए कहा। कई लोगों ने लिखा कि उन्होंने पहली बार सलमान को इतने भावुक अंदाज में देखा है।
बीमारी से जूझ रहे थे सुशील कुमार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुशील कुमार लंबे समय से गंभीर बीमारी, खासकर कैंसर से जूझ रहे थे। हालांकि, उन्होंने कभी हार नहीं मानी और आखिरी समय तक बहादुरी से लड़ते रहे। सलमान खान ने भी अपने पोस्ट में इस बात का जिक्र करते हुए लिखा कि, सुशील ने मौत का सामना एक चैंपियन की तरह किया।
फैंस और सितारों का मिला समर्थन
सलमान खान के इस इमोशनल पोस्ट के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने सुशील कुमार को श्रद्धांजलि दी। सलमान के बॉडीगार्ड शेरा ने भी कमेंट करते हुए लिखा कि, उन्होंने एक बेहतरीन इंसान को खो दिया।
फैंस लगातार सलमान के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और उन्हें मजबूत बने रहने की सलाह दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर #SalmanKhan और #SushilKumar ट्रेंड करने लगे।
सलमान खान का वर्क फ्रंट
काम की बात करें तो सलमान खान जल्द ही अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह ‘SVC63’ नाम की फिल्म में काम कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ साउथ की सुपरस्टार नयनतारा नजर आ सकती हैं। इसके अलावा ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ भी उनकी आगामी फिल्मों में शामिल है।











