Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायसेन जिला अस्पताल में आठ माह की गर्भवती की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाए लापरवाही के आरोप

रायसेन जिला अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद हंगामा हुआ। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और एंबुलेंस मिलने में देरी के आरोप लगाए।
परिजनो को समझाते हुए एसडीएम मनीष शर्मा

रायसेन। जिला अस्पताल रायसेन में आठ माह की गर्भवती महिला रितु वर्मा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ हुई और पुलिसकर्मियों के साथ भी झूमाझटकी हुई। हालात पर काबू पाने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, रितु वर्मा पत्नी नारायण सिंह सोमवार शाम करीब 4:30 बजे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंची थीं। वह आठ माह की गर्भवती थीं और उनकी पहली डिलीवरी होनी थी। परिजनों के मुताबिक, दोपहर तक उनकी स्थिति सामान्य थी, लेकिन अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया।

आरोप है कि उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि करीब तीन घंटे तक महिला की हालत गंभीर बनी रही, लेकिन समय पर समुचित उपचार नहीं मिल सका।

गुना जिला अस्पताल में दीपावली की रात डॉक्टरों ने बचाई मां-बेटी की जान, अस्पताल में मनाया 3 साल के बच्चे का जन्मदिन; प्रसूताओं को बांटे उपहार

ड्यूटी के समय निजी क्लीनिक में रहने का आरोप

इस मामले में परिजनों ने महिला चिकित्सक डॉ. ज्योत्सना भीमते पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सोमवार दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक उनकी जिला अस्पताल में ड्यूटी थी, लेकिन वह अस्पताल में मौजूद रहने के बजाय निजी क्लीनिक पर थीं।

परिजनों के अनुसार, नर्सें लगातार फोन पर डॉक्टर को महिला की बिगड़ती हालत की जानकारी देती रहीं, लेकिन डॉक्टर समय पर अस्पताल नहीं पहुंचीं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

भोपाल रेफर करने के बाद एंबुलेंस मिलने में देरी

महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस उपलब्ध कराने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। इस दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही।

परिजनों के मुताबिक, भोपाल ले जाते समय रास्ते में उसकी हालत और गंभीर हो गई। ऑक्सीजन हटाते ही वह बेहोश हो गई। चिकित्सकों ने सीपीआर देकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

विक्टोरिया अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों को 2 महीने से वेतन नहीं, कलेक्टर ने जताई नाराजगी

मौत की खबर मिलते ही परिजन ने की तोड़फोड़

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और उनके साथ आए लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान आईसीयू वार्ड के गेट की खिड़की का कांच टूट गया और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी भी हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने ड्यूटी डॉक्टर डॉ. ज्योत्सना भीमते सहित अस्पताल के कुछ कर्मचारियों को सुरक्षा की दृष्टि से एक कमरे में रखा।

मौके पर पहुंचे एडीएम मनोज उपाध्याय, एसडीएम मनीष शर्मा, एसडीओपी आकांक्षा तलैया और थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। रात करीब 12 बजे सलामतपुर, सांची, दीवानगंज और उमरावगंज सहित आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

रात 3 बजे अस्पताल पहुंचे कलेक्टर, पांच बिंदुओं पर जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रोहित सिंह सिसोनिया देर रात करीब 3 बजे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और एडीएम मनोज उपाध्याय को पांच प्रमुख बिंदुओं पर जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जांच में संबंधित डॉक्टर की ड्यूटी के दौरान अस्पताल में मौजूदगी, निजी क्लीनिक में प्रैक्टिस किए जाने के आरोप, नर्सों द्वारा फोन पर दी गई सूचना, गर्भवती महिला को दिए गए उपचार और उसकी मौत के वास्तविक कारणों सहित अन्य पहलुओं को शामिल किया गया है।

जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

इस दुखद घटना के बाद जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना होगा कि प्रशासनिक जांच में इलाज के दौरान हुई कथित लापरवाही, डॉक्टर की उपस्थिति और एंबुलेंस उपलब्ध कराने में हुई देरी को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही जिम्मेदारी और आगे की कार्रवाई तय हो सकेगी।

Upendra Gautam
By Upendra Gautam

पत्रकार उपेन्द्र गौतम जिला ब्यूरो रायसेन

Latest Posts