Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में 19 नवंबर से विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, सलीमा टेटे करेंगी भारतीय टीम की कप्तानी

भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 खेली जाएगी। हॉकी इंडिया ने सलीमा टेटे की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित कर दी है।
भोपाल में 19 नवंबर से विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, सलीमा टेटे करेंगी भारतीय टीम की कप्तानी
19 नवंबर से विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी

भोपाल। मध्यप्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल-2026 के लिए हॉकी इंडिया ने मंगलवार को भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐलान कर दिया। मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। जापान में पिछले महीने एशियन गेम्स में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में मैदान पर उतरेगी। घरेलू दर्शकों के सामने खेलने वाली टीम की नजर लगातार तीसरी और कुल चौथी बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने पर होगी। यह प्रतियोगिता 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नाथू बरखेड़ा में आयोजित होगी। टूर्नामेंट में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी।

भारत के पास लगातार तीसरी बार खिताब जीतने का मौका

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और दक्षिण कोरिया अब तक तीन-तीन बार खिताब जीत चुके हैं। भारतीय महिला टीम ने 2016, 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब भोपाल में टीम के पास लगातार तीसरी और कुल चौथी बार चैंपियन बनने का मौका होगा। भारतीय टीम इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगी।

राउंड रॉबिन फॉर्मेट में होंगे मुकाबले

टूर्नामेंट राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा। इसमें सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। 19 नवंबर को चीन और थाईलैंड के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद उद्घाटन समारोह होगा और भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ करेगी।

भारतीय टीम का मुकाबला कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • 19 नवंबर: भारत बनाम मलेशिया
  • 21 नवंबर: भारत बनाम दक्षिण कोरिया
  • 22 नवंबर: भारत बनाम थाईलैंड
  • 24 नवंबर: भारत बनाम चीन
  • 25 नवंबर: भारत बनाम जापान
  • 27 नवंबर: सेमीफाइनल
  • 28 नवंबर: फाइनल और पदक मुकाबले

Breaking News

खिलाड़ियों को अलग-अलग पोजिशन पर आजमाएंगे कोच

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच स्वोर्ड मारिज्ने ने कहा कि टूर्नामेंट में कुछ खिलाड़ियों को उनकी सामान्य पोजिशन से अलग जिम्मेदारी दी जाएगी, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी क्षमताओं को परखा जा सके। उन्होंने कहा कि अन्य खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने का यह सही समय है। कोच के मुताबिक टीम घरेलू दर्शकों के सामने खेलने और साल का समापन अच्छे प्रदर्शन के साथ करने के लिए उत्साहित है।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts