Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छिंदवाड़ा में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर कलेक्टर सख्त, बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले CMO को चेतावनी

छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक में नगरीय निकायों के CMO को चेतावनी जारी करने और फायर स्टेशनों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
छिंदवाड़ा में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर कलेक्टर सख्त, बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले CMO को चेतावनी
छिंदवाड़ा में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर कलेक्टर सख्त

छिंदवाड़ा। जिले में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने नगरीय निकायों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बिना अनुमति मुख्यालय से अनुपस्थित रहने वाले मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (CMO) पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने ऐसे अधिकारियों को तत्काल लिखित चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक कामकाज में लापरवाही और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।

फायर स्टाफ की 24 घंटे तैनाती अनिवार्य

बैठक में मध्यप्रदेश अग्निशमन और आपातकालीन सेवा सामान्य नियम 2026 के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिले के सभी नगरीय निकायों में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित फायर स्टाफ की चौबीस घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कर्मचारियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया। साथ ही सभी फायर स्टेशनों और कार्यालयों में फायर प्लान तथा फायर कम्युनिकेशन प्लान को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।

फायर उपकरणों की तकनीकी जांच होगी

बैठक में नगरीय निकायों के पास उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की भौतिक स्थिति की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय को परासिया क्षेत्र में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों की विशेष समीक्षा करने के लिए कहा। वहीं फायर ऑफिसर अभिषेक दुबे को जिले के सभी नगरीय निकायों के अग्निशमन उपकरणों की तकनीकी जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अस्पतालों और मॉल में होंगे औचक निरीक्षण

कलेक्टर ने जिले के अस्पतालों, शॉपिंग मॉल और सार्वजनिक व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए जिला मुख्यालय पर विशेष फायर प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के सभी CMO और फायर सेफ्टी अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई की जा सके।

फायर ब्रिगेड और टैंकरों में पर्याप्त पानी रखने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी फायर ब्रिगेड वाहनों और पानी के टैंकरों में पर्याप्त जल उपलब्ध रखने को कहा। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की औचक जांच करने और प्रत्येक CMO को अपने अधिकृत लिंक ऑफिसर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लिंक ऑफिसर की जिम्मेदारी तय किए बिना कोई भी CMO अवकाश पर न जाए।

छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में 5 दिसंबर से सांसद खेल महोत्सव, 15 नवंबर से शुरू होगी जिला स्तरीय क्रिकेट स्पर्धा

15 दिन बाद फिर होगी समीक्षा बैठक

कलेक्टर ने सभी CMO को अपनी शाखाओं की नियमित बैठक लेकर कामकाज की समीक्षा करने और समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक 15 दिन बाद होगी। इसमें सभी नगरीय निकायों को अपडेटेड फायर प्लान के साथ अब तक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...

Latest Posts